
गोली
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
आगरा के ट्रांस यमुना कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर को प्रापर्टी डीलर पर घर में घुसकर हमलावर ने फायरिंग कर दी। प्रापर्टी डीलर बाल-बाल बच गए। हमलावर घर से एक मोबाइल उठा ले गया। युवक ने ससुर और साले पर मुकदमा दर्ज कराया है।
ट्रांस यमुना काॅलोनी निवासी आकाश सोनी प्रापर्टी का कारोबार करते हैं। उनकी शादी वर्ष 2021 में सिरसागंज, फिरोजाबाद निवासी छवि वर्मा से हुई थी। उनकी 2 साल की बेटी परी है। 3 महीने से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा है। छवि बेटी के साथ मायके में रह रही है। आकाश का परिवार एटा में रहता है। ससुरालियों ने उसके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज करा रखा है। दोपहर ढाई बजे आकाश ने 112 पर काॅल किया। कहा कि वह काम से लाैटकर घर आया था। पहली मंजिल पर अपने कमरे में जा रहा था। तभी एक युवक पीछे से घर में घुस आया और तमंचे से फायर किया। गोली दीवार में जा लगी। हमलावर घर में रखे पत्नी के मोबाइल को उठाकर भाग गया।
थाना एत्माददाैला के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आकाश के घर में भूतल पर किरायेदार रहते थे। मगर, कुछ दिन पहले वो खाली करके चले गए हैं। वह अकेला ही था। घटना के बारे में आसपास के लोगों से पता किया गया। मगर, किसी ने हमलवार को भागते हुए नहीं देखा। गोली की आवाज भी नहीं सुनी थी। आकाश सोनी ने ससुर अनिल और साले आकाश पर हमले का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि मोबाइल लेकर जाने के लिए हमला बोला गया। मोबाइल में पत्नी के खिलाफ कई साक्ष्य माैजूद थे। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर जानलेवा हमले की धारा में मुकदमा दर्ज किया है। घर से कारतूस भी बरामद किया गया है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज चेक किए जा रहे हैं।