
प्रतीकात्मक तस्वीर
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
झांसी-ललितपुर हाईवे पर सोमवार दोपहर साढ़े बारह बजे किराना कारोबारी के मुनीम के सिर पर रॉड से हमलाकर बाइक सवार बदमाशों ने पांच लाख रुपये लूट लिए। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना पूराकलां के ग्राम गेवरा निवासी अंजेश जैन की आरव ट्रेडर्स के नाम से तालबेहट कस्बे में बस स्टैंड के पास दुकान है। दुकान पर तालबेहट के अंजनी नगर निवासी नंदलाल और शिव दयाल निवासी ग्राम कड़ेसराकलां काम करते हैं। सोमवार को दोनों बांसी, जमालपुर से लगभग पांच लाख रुपये की वसूली कर बाइक से तालबेहट लौट रहे थे। अभी वह हाईवे पर हर्षपुर जाने वाले मार्ग के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रहे बाइक सवार दो बदमाशों ने नंद लाल पर रॉड से हमला कर दिया। इससे दोनों बाइक से गिर गए। अभी दोनों कुछ समझ पाते कि बाइक सवार बदमाश रुपये से भरा बैग छीन कर भाग गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर डीआईजी कलानिधि नैथानी, एसपी मोहम्मद मुश्ताक, एएसपी अनिल कुमार, सीओ सदर अभय नारायण राय मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मौका मुआयना किया।
दिन दहाड़े हुई लूट की वारदात के खुलासे के लिए एसओजी, सर्विलांस टीम सहित छह टीमों को लगाया गया है। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा। -कलानिधि नैथानी, डीआईजी, झांसी
