
पहाड़ों पर हो रही बारिश से यमुना लबालब है। शनिवार सुबह वॉटर वर्क्स पर यमुना खतरे के निशान से ढाई फीट नीचे थी। पिछले 24 घंटे में वॉटर वर्क्स पर यमुना का जलस्तर 491.80 से बढ़कर 492.50 फीट हो गया। हालांकि, रात में जलस्तर में कुछ कमी आई है। बारिश से यमुना पर बने बैराजों पर पानी का दवाब बढ़ रहा है। ऐसे में बैराजों के जलाशयों से नदी में पानी छोड़ा जा रहा है। सिंचाई बाढ़ नियंत्रण कक्ष की रिपोर्ट के अनुसार शनिवार को ओखला बैराज से 38,350 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। शुक्रवार को डिस्चार्ज 57,657 क्यूसेक था। मथुरा में पोइया घाट पर यमुना खतरे के निशान को पार कर गई है। यहां खतरे का निशान 165 मीटर है।