Four including a teenager died due to drowning

युवक के डूबबने के बाद राप्ती नदी के मथुरा घाट के पास मौजूद पुलिस व ग्रामीण।

श्रावस्ती। जनपद में अलग-अलग स्थानों पर नहर व नदी में एक किशोर व किशोरी सहित चार लोग डूब गए। तेंदुआ रतनपुर के मजरा रतनपुर में शुक्रवार को पैर फिसलने के कारण दो किशोरियां नहर में डूबने लगीं। जिन्हें बचाने के लिए नहर में कूदे व्यक्ति ने बेटी को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन भतीजी को नहीं निकाल सके। इस प्रयास में नहर में डूबने से उनकी मौत हो गई और भतीजी भी लापता है। सूचना पर पहुंची सिरसिया पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जबकि नहर में किशोरी की तलाश कराई जा रही है।

सिरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम तेंदुआ रतनपुर के मजरा रतनपुर निवासी ननके वर्मा (50) पुत्र भारत शुक्रवार को भैंस चराने गए थे। इस दौरान गांव से बाहर स्थित सरयू नहर में भैंस को नहलाने के लिए छोड़ दिया और स्वयं नहर के किनारे बैठ गए। इस दौरान उनके साथ मौजूद उनकी बेटी निबरी (12) व भतीजी शिव्या (13) पुत्री बुग्गे नहर के किनारे खड़ी होकर भैंस के बाहर निकलने का इंतजार करने लगीं। इसी बीच निबरी का पैर फिसल गया और वह नहर में गिर गई, जिसे बचाने के प्रयास में शिव्या भी नहर में गिरकर डूबने लगी। दोनों को बचाने के लिए ननके भी नहर में कूद गए। ननके ने अपनी बेटी निबरी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि शिव्या गहरे पानी में जा चुकी थी। जिसे बचाने के लिए ननके भी गहरे पानी में चले गए और दोनों चाचा-भतीजी डूब गए।

इस दौरान निबरी की चीख-पुकार पर पहुंचे ग्रामीणों ने ननके के शव को नहर से बाहर निकाल लिया, जबकि शिव्या लापता है। सूचना पर पहुंची सिरसिया पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है। शिव्या की स्थानीय गोताखोरों के सहयोग से नहर में तलाश कराई जा रही है। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मच गया है।

दोस्तो संग राप्ती नदी में नहाने आया युवक डूबा

कटरा (श्रावस्ती)। बलरामपुर के रसौढ़ा निवासी कुछ दोस्त शुक्रवार को मथुरा घाट आए थे। जहां सभी दोस्त राप्ती नदी में नहाने चले गए। इस दौरान एक युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची कटरा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिनगा भेज दिया है।

बलरामपुर जिले के थाना कोतवाली देहात अंतर्गत ग्राम रसौढ़ा निवासी कुछ दोस्त शुक्रवार को राप्ती नदी के मथुरा घाट पुल पर टहलने आए थे। इस दौरान नवीन माॅर्डन थाना कटरा अंतर्गत डिंंगुराजोत स्थित राप्ती नदी में सभी दोस्त नहाने चले गए। तभी पैर फिसल जाने के कारण रसोड़ा निवासी कुलदीप जायसवाल (22) पुत्र अनंतराम जायसवाल गहरे पानी में डूबने लगे। साथ में मौजूद आशीष जायसवाल पुत्र रामनिवास सहित अन्य दोस्त जब तक उन्हें बचाने का प्रयास करते वे पानी में डूब गए। सूचना पर पहुंची कटरा पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों के सहयोग से शव को नदी से बाहर निकलवाया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अभी अभी की खबरें