माधौगढ़। ग्राम पंचायत असहना के मजरा गींधन की खोड़ से गालमपुरा रोड तक लगभग चार किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है। आरोप है कि ब्लॉक प्रमुख के निधन के बाद ठेकेदार ने सड़क के दोनों ओर कुछ दूरी तक गिट्टी डलवाकर काम बंद कर दिया है, जिससे आवागमन में और अधिक परेशानी हो रही है।
तहसील क्षेत्र के असहना ग्राम पंचायत के मजरा गींधन की खोड़ और मचकछा के ग्रामीण लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे। क्षेत्र पंचायत की ओर से करीब चार किलोमीटर सड़क का प्रस्ताव स्वीकृत हुआ था, जिसमें आधा किलोमीटर हिस्सा वन विभाग की भूमि को छोड़कर निर्माण होना था। सर्वे के बाद एस्टीमेट तैयार किया गया और गींधन की खोड़ गांव के पास करीब 50 मीटर तथा गालमपुरा रोड से लगभग 70 मीटर तक गिट्टी भी डलवा दी गई, लेकिन इसके बाद काम पूरी तरह रोक दिया गया।
ग्रामीण छोटे सिंह, हाकिम सिंह, ज्ञान सिंह, जयराम पाल और मानपाल सिंह ने बताया कि इस मार्ग से तीन गांवों के लोगों का आवागमन होता है। बरसात के मौसम में काली मिट्टी के कारण रास्ता बेहद खराब हो जाता है और लोगों का निकलना दूभर हो जाता है। वे बताते हैं कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि सड़क निर्माण का वादा करते हैं, लेकिन जीतने के बाद कोई भी सुध नहीं लेता। यह स्थिति वर्षों से बनी हुई है और उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है।
ब्लॉक प्रमुख के निधन के बाद से काम बंद
प्रधान सोना देवी ने बताया कि सड़क निर्माण का कार्य ब्लॉक प्रमुख चिंतामन के कार्यकाल में शुरू हुआ था, लेकिन उनके निधन के बाद काम बंद कर दिया गया। शिकायत के बावजूद निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं कराया गया। बरसात में समस्या बढ़ने पर ग्रामीणों ने स्वयं ही रास्ते में गिट्टी बिछाकर आवागमन सुचारु करने की कोशिश की, ताकि उन्हें थोड़ी राहत मिल सके। यह सामुदायिक प्रयास उनकी लाचारी को दर्शाता है।
ग्रामीणों की पीड़ा
फोटो – 04 मानपाल।
एस्टीमेट बनने और काम शुरू होने के बावजूद निर्माण अधूरा छोड़ दिया जाना समझ से परे है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है। उनका कहना है कि विकास कार्यों की ऐसी स्थिति पहले कभी नहीं देखी गई। – मानपाल, मचकछा।
फोटो – 05 राजो देवी।
वन विभाग की भूमि छोड़कर सड़क निर्माण की खबर से ग्रामीणों में खुशी थी। उम्मीद थी कि बरसात में तहसील मुख्यालय आने-जाने में राहत मिलेगी, लेकिन काम बंद होने से लोगों में निराशा है। – राजो देवी, मचकछा।
वर्जन
उन्होंने हाल ही में खंड विकास कार्यालय में कार्यभार संभाला है। मामले की जांच कराकर सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा।
संदीप मिश्रा, बीडीओ

फोटो- 03 गालमपुरा से गींधन की खोड़ तक डाली गई गिट्टी। संवाद– फोटो : udhampur news

फोटो- 03 गालमपुरा से गींधन की खोड़ तक डाली गई गिट्टी। संवाद– फोटो : udhampur news
