अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सीपरी बाजार पुलिस के हत्थे मोबाइल टॉवर से नेटवर्क बूस्टर (अजना) को चोरी करने वाला गिरोह चढ़ गया। पुलिस ने नौ बदमाश को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पांच नेटवर्क बूस्टर बरामद किए हैं। इनकी बाजार में कीमत करीब दस लाख रुपये बताई गई। आरोपियों के खिलाफ लिखा-पढ़ी करके पुलिस ने सभी को जेल भेज दिया।
एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह के मुताबिक नेटवर्क बेहतर करने को टेलीकॉम कंपनियों मोबाइल टॉवर पर नेटवर्क बूस्टर (अजना) लगाती हैं। बाजार में इसकी कीमत करीब 2-2.50 लाख रुपये है। सीपरी बाजार, प्रेमनगर इलाके के मोबाइल टॉवर से कई अजना चोरी हो गए। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर कुछ युवक पकड़ में आए। सुराग लगाने पर इनके ग्वालियर रोड से गुजरने की सूचना मिली। पुलिस ने नाकेबंदी करके दो कार में सवार नौ बदमाशों को पकड़ा। पूछताछ में मालूम चला हंसारी निवासी चंद्रपाल अहिरवार गिरोह का सरगना है। वह पहले टेलीकाम कंपनी में काम कर चुका। उसे अजना की कीमत पता थी। उसके इशारे पर नीरज अहिरवार निवासी प्रेमनगर समेत दतिया निवासी पप्पू शर्मा, अखिलेश शर्मा, प्रदीप कुमार, प्रदीप कुमार एवं कुलदीप गुर्जर निवासी विदिशा चोरी करने लगे। चोरी करके दिल्ली में इसे 50-70 हजार रुपये में बेंच देते थे। पुलिस ने दो खरीदने वालों को भी पकड़ा है। इसमें दिल्ली निवासी शाद मलिक एवं अमन मलिक शामिल हैं। सभी के खिलाफ सीपरी बाजार थाने में रिपोर्ट दर्ज थी। पुलिस टीम में थाना प्रभारी अखिलेश द्विवेदी, उपनिरीक्षक नितिश कुमार, कपिल सिंह आदि शामिल रहे।
