
समीर उर्फ राका की फोटो, जो बरेली सेंट्रल जेल की बताई जा रही है।
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली केंद्रीय कारागार से रिहा कुख्यात बंदी समीर उर्फ राका इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद फरार हो गया है। उसने अपना सोशल मीडिया अकाउंट भी ब्लॉक कर दिया है। अब पुलिस राका को हिरासत में लेकर पूछताछ कर सकती है। जेल कर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।
गिरफ्तारी के खौफ से सहमे समीर उर्फ राका ने अपनी फेसबुक और इंस्टाग्राम आईडी बंद कर दी है। गोंडा के कुख्यात अपराधी राका की 11 मार्च को जमानत हुई थी। जमानत के तुरंत बाद राका ने बरेली सेंट्रल जेल के फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिए। फोटो वायरल होने के बाद राका ने सफाई दी कि फोटो कहां से वायरल हुए और किसने किए, उसको नहीं पता। जबकि राका ने अपनी फेसबुक और इंस्टाग्राम आईडी पर फोटो खुद ही अपलोड किए थे और बाद में उसी आईडी पर वीडियो जारी कर अनभिज्ञता जताई थी।
सेंट्रल जेल के जेलर नीरज कुमार ने सोमवार को इज्जतनगर थाने में राका के खिलाफ कारागार अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के बाद राका का सारा टशन काफूर हो गया और वह गिरफ्तारी से बचने के लिए भागा फिर रहा है।
