लखनऊ। गणपति बप्पा मोरया….के उद्घोष के साथ चौक के लोहिया लॉन में विराजे बप्पा को विदाई दी गई। दोपहर में करीब डेढ़ बजे के आसपास चौक में दही हांडी का आयोजन हुआ। मटकी फूटते ही महाराष्ट्र से आए ढोल-ताशे बज उठे और गजानन महाराज की शोभायात्रा निकली। बग्घी-घोड़े, झांकियां, झूमते श्रद्धालु, रास्ते भर प्रसाद बांटते स्वयं सेवक आगे बढ़ रहे थे। मराठी समाज के स्त्री-पुरुष-बच्चे और पूरा सराफा बाजार इस शोभायात्रा में शामिल हुआ। करीब पांच घंटे तक ढोल की धुन पर गूंजते भजन और उड़ते गुलाल ने आस्था के रंग को और गहरा किया। शाम को कुड़ियाघाट पर बप्पा का विसर्जन किया गया। वहीं अमीनाबाद के राजा को पिछले साल की तरह रामकृष्ण पार्क में बनाए कुंड में विसर्जित किया। संयोजक अतुल अवस्थी ने बताया कि इस दौरान दौरान भक्तों की आंखें नम हो गईं।

Trending Videos

मनौतियों के राजा का हुआ सिंदूर से अभिषेक

श्री गणेश प्राकट्य कमेटी की ओर से झूलेलाल वाटिका निकट हनुमान सेतु के पास चल रहे मनौतियों के राजा के 19वें उत्सव के सातवें दिन शुक्रवार को सुबह गणपति की सिंदूराभिषेक पूजा हुई। बाद में भक्तों ने सिंदूर को अपने माथे पर लगाया। कमेटी के संरक्षक भारत भूषण गुप्ता ने बताया कि भगवान गणेश को सिंदूराभिषेक करने से घर परिवार में सुख समृद्धि आती है। शाम को कोलकाता के संजय शर्मा के निर्देशन में सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। नारी स्वाभिमान की रक्षा करने वाली श्री रानी सती दादी जी की महिमा पर एक नृत्य नाटिका के माध्यम से दिखाया कि कृष्ण प्रेम में डूबी कर्मा बाई ने ठाकुर जी को अपने हाथों से भोजन करवाया। संजय शर्मा ने-जो गणपति के दर आए उन्हें चढ़ता ऐसा सुरूर है…, मेरे दिल में बस तू ही तू बसा है… जैसे भजन सुनाए। मनौतियों के राजा के पंडाल के बाहर लगे मेले में महिला एवं बच्चों के लिए विशेष झूले लगाए गए हैं। इसके अलावा फूड जोन, किड्स जोन, गेम जोन, शापिंग जोन, लाइव प्रोग्राम नृत्य नाटिका एवं भजन, सिंगर सेलेब्रिटी मुख्य आकर्षण हैं।

गोमती स्नान कर लौट आए गणपति

शुभ संस्कार समिति की ओर से आयोजित श्री गणेश जन्मोत्सव समारोह के सातवें दिन सुबह बड़ा शिवाला में हवन संपन्न हुआ। उसके उपरांत धूमधाम से मेटल मूर्ति के गणपति जी रथ पर सवार होकर कुड़िया घाट गोमती के लिए प्रस्थान हुए। कुड़िया घाट पर गोमती के जल से गणपति जी को स्नान कराया गया। दीपावली पूजन के लिए गणपति जी वापस मंदिर में विराजमान हो गए।

– महानगर स्थित दिनेश मेघदूत अग्रवाल के निजी निवास पर सात दिवसीय गणपति उत्सव का कार्यक्रम बड़ी धूमधाम से आयोजित किया गया । सातवें दिन गोंडा से आए भजन गायक पंकज निगम ने गणपति बप्पा मोरया मंगल मूर्ति मोरया, घर में पधारो गजानन,मेरी भक्ति में रंग भर जाओ, मेरे सरकार आए हैं, यह चमक यह दमक भजनों की हाजरी लगाई।

– पत्रकारपुरम समिति की ओर से विशेष सांस्कृतिक संध्या में दर्शक झूम उठे।

– श्री वशीरतगंज ट्रस्ट की ओर से पीपल वाली गली में आयोजित गणेश उत्सव के तहत विशेष झांकी में भक्तों ने बड़ी संख्या में दर्शन किए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *