गाजीपुर जिले के गहमर गांव के खेलूराय पट्टी में विक्की सिंह व सौरभ सिंह की धारदार हथियार से हत्या और अंकित सिंह के लापता होने के मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आई है। डीआईजी वैभव कृष्ण के निर्देश पर एसपी डॉ. ईरज राजा ने बृहस्पतिवार की रात गहमर कोतवाल दीनदयाल पांडेय को लाइन हाजिर कर दिया। उपनिरीक्षक राजीव पांडेय और पन्नालाल यादव को निलंबित कर दिया है। इसके अलावा, तत्कालीन कोतवाल और वर्तमान में सैदपुर के थाना प्रभारी शैलेश मिश्रा को निलंबित किया गया है। मोहम्मदाबाद के कोतवाल प्रमोद कुमार को गहमर कोतवाली का प्रभार सौंपा गया है।

क्या है मामला

26 सितंबर को गहमर के बुढ़वा महादेव मंदिर के पास दो गुटों के बीच झगड़ा, पथराव और कई राउंड हवाई फायरिंग की घटना हुई थी। इस मामले में 27 सितंबर को उपनिरीक्षक राजीव पांडेय ने दोनों गुटों के 11 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें एक पक्ष के भैरवराय पट्टी के बब्बन सिंह उर्फ सौरभ, अभिनंदन सिंह, खेमनराय पट्टी के विक्की सिंह, विकास सिंह, चंदन सिंह, अभिषेक सिंह और दूसरे पक्ष के खेलूराय पट्टी निवासी अमित सिंह, अमन सिंह, शैलेश सिंह, अरविंद सिंह और विनय यादव थे।

यह भी पढ़ें; Sonbhadra News: ट्रक में आलू की बोरियों के नीचे छिपाई थी 260 पेटी अंग्रेजी शराब, तलाशी के बाद चालक गिरफ्तार

इससे पहले तीन सितंबर को भी दोनों गुटों में मारपीट और फायरिंग हुई थी। इस मामले में छह दिन बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी। आरोप है कि तत्कालीन थाना प्रभारी ने दबाव डालकर पीड़ित चंदन सिंह से तहरीर में बदलाव करा दिया था।

एसपी डॉ. ईरज राजा ने बताया कि सितंबर में हुई घटनाओं के समय शैलेश कुमार मिश्रा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक थे। इस मामले सख्त कार्रवाई नहीं हुई थी। लापरवाही पर तत्कालीन कोतवाल व वर्तमान में सैदपुर थाना के प्रभारी शैलेश कुमार मिश्रा, गहमर कोतवाली के उपनिरीक्षक राजीव पांडेय और उपनिरीक्षक पन्नालाल यादव को निलंबित कर दिया गया है। गहमर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दीनदयाल पांडेय को लाइन हाजिर कर दिया गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *