
घटना के बाद के हालात।
– फोटो : अमर उजाला।
विस्तार
शहर के बड़गांव पुलिस चौकी के आगे विसर्जन के लिए देरी से जा रही मूर्तियों को लेकर तनातनी हो गई। नूरामल मंदिर के आगे तकिया मस्जिद के सामने से गुजर रहीं मूर्तियों में शामिल लोगों ने पत्थर फेंके जाने का शोर मचा। हालांकि किसी मूर्ति पर कोई पत्थर नहीं पड़ा। लेकिन शोर इस कदर हुआ कि तनातनी हो गई, मौके पर पुलिस ने सक्रियता से स्थिति को नियंत्रित किया।
दरअसल शनिवार को शहर की मां दुर्गा की मूर्तियों का विसर्जन बड़गांव के आगे खैरा भवानी मंदिर में हो रहा था। पिछले साल मूर्तियों का विसर्जन समय से हो गया था, इस बार देरी हुई। विसर्जन के दौरान बिजली कटौती थी, जिससे शाम सात बजे के बाद अंधेरा था। मूर्तियां तकिया मस्जिद के पास से गुजरीं तो पत्थर फेंके जाने की बात किसी ने कही तो मूर्तियों को रोककर लोग नाराजगी जताने लगे।
इससे मस्जिद की गली में भी कुछ लोग आ गये, जो दूसरे समुदाय के थे। इससे तनाव और बढ़ गया। पुलिस बल ने पहुंचकर स्थिति को संभाला, गली में आए लोगों को खदेड़ा। यातायात बहाल कराने के साथ ही मूर्तियों को विसर्जन के लिए आगे बढ़ाया। एसपी विनीत जायसवाल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि मौके पर शांति व्यवस्था कायम है, मूर्तियों के विसर्जन की प्रक्रिया हो रही है।
नेतागिरी की चाह में बिगड़े हालात
मूर्तियों के विसर्जन में देरी का फायदा कुछ तथाकथित लोगों ने उठाया। नेतागिरी की चाहत में ऐसा रंग दिखाया कि जिला सुलगते-सुलगते बचा। सब कुछ सामान्य से चल रहा था फिर एक शोर और भीड़ में शोर हवा देने वालों के हाथों में माइक। फिर क्या था माहौल ऐसा बिगड़ा कि घंटों मशक्कत करनी पड़ी। इसमें दोनों समुदायों के लोगों ने माहौल बिगाड़ने में मशक्कत की। यह तो पुलिस की सक्रियता से फिर स्थिति संभल गई।
डीएम खफा, जिम्मेदारों पर होगी कार्रवाई
डीएम नेहा शर्मा ने अचानक बदले माहौल से खासी खफा हैं। उन्होंने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और किसी तरह की विपरीत स्थिति नहीं है। लेकिन माहौल बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्हें चिन्हित किया जा रहा है।
