
जंक्शन पर मथुरा की ओर जाने वाली ट्रेन के इंतजार में खड़े यात्री।
कासगंंज। कोहरे ने शनिवार के बाद रविवार को भी अपना असर दिखाया। इसके चलते रेल व सड़क यातायात प्रभावित रहे। पांच ट्रेनें निर्धारित समय से देरी से जंक्शन पर पहुंचीं। वहीं, सुबह रोडवेज बसें भी विलंब चलीं। यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। कोहरे का असर लगातार दूसरे दिन बना रहा। शनिवार की रात से शुरू हुअ कोहरा रविवार को सुबह 10 बजे तक कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण ट्रेनें विलंब से चलीं। मथुरा की ओर से आने वाली गोरखपुर एक्सप्रेस रात 3:43 के स्थान पर करीब तीन घटें की देरी से 6:35 बजे जंक्शन पहुंची। लखनऊ साप्ताहिक ट्रेन सुबह 7:38 के स्थान पर लगभग डेढ़ घंटे देरी से 9:05 बजे जंक्शन पहुंची। भरतपुर-कासगंज- पैसेंजर सुबह 10:50 के स्थान पर 11:31 बजे आई। बरेली-कासगंज पैसेंजर सुबह 10:40 बजे के स्थान पर 10:57 बजे और आगरा फोर्ट पैसेंजर सुबह 6:55 के स्थान पर सुबह 8:02 बजे जंक्शन आई। कोहरे के कारण बसें तय समय से नहीं निकल सकीं। चालकों को वाहन चलाने में काफी दिक्कतें हुई। सुबह 10 बजे कोहरा छंटने के बाद उन्हें राहत मिली।