
Gorakhpur women attack Case
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
गोरखपुर के झंगहा इलाके में पांच माह में पांच महिलाओं पर जानलेवा हमले के आरोपी सिरफिरे युवक को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान झंगहा इलाके के राजधानी टोला मंगलपुर निवासी अजय निषाद (20) के रूप में हुई। अजय ने सभी महिलाओं पर रात में सोते समय चेहरे और सिर पर जानलेवा हमला किया था।
इसमें एक महिला की मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि प्रेमिका ने अजय के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था। तभी से वह महिलाओं से नफरत करने लगा था। पुलिस लाइंस में रविवार को एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि इस मामले की जांच के लिए एसपी उत्तरी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव और सीओ अनुराग सिंह के नेतृत्व में टीमें लगाई गई थीं।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वर्ष 2022 में उसकी महिला मित्र ने दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था, जिसमें वह जेल गया था। जेल से छूटने के बाद चोरी की घटना को अंजाम देते समय पहली बार 30 जुलाई को झंगहा के सहसड़ाव गांव में एक महिला के सिर और चेहरे पर हमला किया था।
इसके बाद उसे महिलाओं को मारकर खून देखना अच्छा लगने लगा। आरोपी सूरत में पेंट पॉलिश का काम भी करता है। घटना के बाद वह सूरत निकल जाता था। पुलिस ने आरोपी को रविवार को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया।