
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। कोतवाली इलाके में स्थित एक जिम के ट्रेनर ने वहां आने वाली विवाहिता को एनर्जी डि्रंक में नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया। उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया। अश्लील वीडियो दिखाकर उसे ब्लैकमेल करने लगा। परेशान पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोतवाली इलाके में रहने वाली पीड़िता का पति सरकारी विभाग में कर्मचारी है। पीड़िता ने पुलिस को बताया पंचकुइया स्थित जिम में उसकी मुलाकात जिम ट्रेनर सुरेश चंद्र खेवरिया से हुई। जिम करने का तरीका सिखाने के बहाने वह उसके करीब आने की कोशिश करने लगा। पिछले साल उसने एनर्जी डि्रंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इसके बाद जिम के अंदर ही उसके साथ दुष्कर्म करके वीडियो बना लिया। ब्लैक मेल करके उससे लाखों रुपये ले लिए। पीड़िता ने अपने नाम से बुलेट खरीदकर उसे दी। इसके बाद भी वह उसका पीछा नहीं छोड़ रहा था। कुछ समय जब पति को यह बात मालूम चली तब पति से भी उसकी अनबन हो गई। पति से भी उसका अलगाव हो गया। युवक की हरकतों से परेशान विवाहिता ने कोतवाली में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र सिंह के मुताबिक रिपोर्ट दर्ज करके मामले की छानबीन कराई जा रही है।
