
किन्नरों ने थाने में किया हंगामा
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हमीरपुर जिले के बिवांर में डेढ़ माह पहले हुई चोरी का खुलासा ना होने से नाराज किन्नरों ने थाना बिवांर में एक बार फिर से हंगामा किया। पुलिस पर गंभीर आरोप भी लगाए। बता दें कि बीते 18 अप्रैल की रात किन्नरों के कस्बा बिवांर स्थित घर में चोरी हो गई थी। जिसको लेकर उन्होंने थाना बिवांर में अपने ही एक पुरुष सहयोगी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
वहीं पुलिस पर यह आरोप भी लगाया था कि चोरी एक करोड़ से ज्यादा की हुई थी लेकिन पुलिस ने मात्र डेढ़ लाख की दिखाई। 22 मई को भी किन्नरों ने थाने में हंगामा किया था। आरोप है कि थाना प्रभारी राकेश सरोज ने उनसे चुनाव होने तक का समय मांगा था। मंगलवार शाम करीब सात बजे फिर जमकर हंगामा किया। किन्नरों का आरोप है कि पुलिस मामले को टाल रही है। आरोप लगाया उनको थाना से फोन आते हैं तो अभद्रता भी की जाती है। क्राइम इंस्पेक्टर रनवीर सिंह ने बताया कि विवेचना चल रही है। कोतवाल अभी अवकाश पर हैं। जो भी आरोप हैं वह निराधार हैं।
