महोबा। उत्तर-मध्य रेलवे की ओर से यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ और सुविधाजनक आवागमन के लिए जनपद प्रयागराज से एम. विश्वेश्वरैया टर्मिनल (बंगलूरू) के लिए साप्ताहिक विशेष ट्रेन के संचालन का निर्णय लिया गया है। इस ट्रेन के संचालन से उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र व कर्नाटक के बीच रेल संपर्क और अधिक मजबूत होगा।
रेल मंडल झांसी के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि प्रयागराज से चलने वाली ट्रेन प्रत्येक बुधवार को 16 से 23 दिसंबर तक दो फेरे और एसएमवीटी बंगलूरू से चलने वाली ट्रेन प्रत्येक शनिवार को 19 से 26 दिसंबर दो फेरे के लिए संचालित होगी। ट्रेन में दो एसएलआर, सात सामान्य, 11 स्लीपर, तीन एसी तृतीय श्रेणी, एक एसी कोच समेत 24 कोच होंगे। यह ट्रेन प्रयागराज से शाम छह बजे प्रस्थान करेगी। जो महोबा रेलवे स्टेशन पर 12.20 बजे, राजनगर रेलवे स्टेशन पर रात 1.40 बजे व छतरपुर रेलवे स्टेशन पर सुबह 3.8 बजे पहुंचेगी। इस ट्रेन का एसएमवीटी बंगलूरू पहुंचने का समय रात नौ बजे है।
वहीं, एसएमवीटी बंगलूरू से यह ट्रेन सुबह सात बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन छतरपुर रेलवे स्टेशन पर रात 8.30 बजे, राजनगर में 9.40 बजे और महोबा रेलवे स्टेशन पर रात 11.18 बजे आएगी। इस ट्रेन का प्रयागराज पहुंचने का समय सुबह 6.30 बजे है। इस विशेष ट्रेन का संचालन होने से बुंदेलखंड के लोगों का बंगलूरू तक का सफर आसान हो जाएगा।
