
agra police
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
आगरा में तीन शातिर चोर दर्शन और भंडारे की लाइन में लगकर श्रद्धालुओं के मोबाइल फोन चोरी करते थे। दर्शनार्थी की जेब से एक मोबाइल खींचता था। दूसरा उसे बाहर खड़े रहने वाले तीसरे व्यक्ति तक पहुंचाता था। हरीपर्वत पुलिस ने बुधवार को तीनों शातिर गिरफ्तार किए।
सेंट जोंस कॉलेज चौराहा स्थित हनुमान मंदिर पर प्रतिदिन सुबह-शाम श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। मंगलवार को भंडारा होता है। दर्शन करने वालों के मोबाइल चोरी की शिकायतें लगातार पुलिस को मिल रही थीं। पुलिस ने शातिरों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। बुधवार को हरीश, विजय उर्फ कालू और कल्लू पठान को एमजी रोड स्थित नेकी की दीवार के पास से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में उन्होंने पुलिस को बताया कि वह मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की जेब से मोबाइल चोरी करते थे। दर्शन और भंडारे की लाइन में लगकर चोरी करते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन चोरी के मोबाइल बरामद किए हैं। हरीश पर पहले से चार केस दर्ज हैं। विजय उर्फ काले पर दो और कल्लू पठान पर एक केस है।
रास्ता रोककर महिला से लूटा मोबाइल
एत्माउद्दौला क्षेत्र में 9 जून को रास्ता रोककर राह चलती महिला से बाइक सवार दो बदमाशों ने मोबाइल लूट लिया था। बुधवार को पुलिस ने दोनों लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। राजकुमार और आदित्य ठाकुर दोनों बमरौली कटारा निवासी हैं। उनके पास से लूट की एक बाइक और एक मोबाइल बरामद हुआ है।
