हाथरस शहर की पुष्प विहार कॉलोनी में 10 अप्रैल देर रात चोर शिक्षिका व एक किसान के घर से लाखों रुपये का माल चोरी कर ले गए। सुबह पड़ोसियों से जानकारी मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। छानबीन के बाद पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है।
चंदपा क्षेत्र के गांव नगला ओझा निवासी किसान सचिन पाठक बच्चों की पढ़ाई के कारण पिछले तीन साल से आगरा रोड स्थित भट्ठा वाली गली में पुष्प विहार कॉलोनी में रह रहे हैं। बृहस्पतिवार को वह अपने परिवार के साथ गांव चले गए थे। शनिवार की सुबह पड़ोसी अतुल शर्मा ने बताया कि उनके गेट का ताला टूटा हुआ है। सचिन आनन-फानन कॉलोनी पहुंचे।
अंदर जाकर देखा तो सारा सामान फैला हुआ था तथा लोहे की अलमारी भी तोड़ी गई थी। चोर यहां से लगभग 50 हजार रुपये नकद व सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। आभूषण की कीमत पांच से छह लाख रुपये बताई जा रही है। चोरों ने मुख्य गेट का कुंडा तोड़ा तथा नीचे सरिया निकालकर अंदर घुसे।
इसी कॉलोनी में मथुरा निवासी मीरा वार्ष्णेय किराये पर रहती हैं। वे अपने बेटे-बहू से मिलने मथुरा गई हुई थीं। उनके घर पर भी ताला लगा था। चोर इनके घर का भी ताला तोड़कर अंदर घुस गए और सामान चोरी कर ले गए। यहां से चोर एक सोने की चेन, अंगूठी और 10 हजार रुपये चोरी कर ले गए। सीओ सिटी योगेंद्रकृष्ण नारायण ने बताया कि चोरी के खुलासे के लिए टीम लगा दी गई हैं। जल्द ही चोर गिरफ्त में होंगे।
