हाथरस के हतीसा पुल पर 19 फरवरी की रात हुए हादसे में एक युवक वकील (22) की मौत हो गई, जबकि एक को गंभीर हालत में आगरा रेफर किया। मृतक का तीन दिन पहले ही निकाह हुआ था। वह शादी में मिली बाइक से शहर से गांव लौट रहा था। रास्ते में ट्रैक्टर ट्राॅली ने टक्कर मार दी।

मुरसान के गांव कोरना निवासी वकील पुत्र अली मोहम्मद का 16 फरवरी को आगरा की टेढ़ी बगिया निवासी आसमीन बेगम के साथ निकाह हुआ था। 17 फरवरी को पत्नी विदा होकर मायके गई थी। वकील शहर के एक बाइक शोरूम में मैकेनिक है। 19 फरवरी को वह काम पर आए थे। रात को वह अपनी नई बाइक से गांव लौट रहे थे। उनके साथ गांव का ही गौरव (18) पुत्र दिनेश भी था।

हतीसा पुल के निकट आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। जबरदस्त टक्कर से दोनों सड़क पर जा गिरे। इधर, ट्रैक्टर बाइक को काफी दूर तक खींचता ले गया, जिससे बाइक में आग लग गई। चालक मौके से भाग गया। मौके पर एकत्रित भीड़ ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां वकील को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। वकील के सिर में गंभीर चोट आई थी। इधर, सिर की चोट के कारण गौरव की भी हालत गंभीर बनी हुई थी। उसे आनन-फानन आगरा रेफर किया गया। हादसे की जानकारी पर ग्रामीण जिला अस्पताल पहुंच गए। बसपा नेता डाॅ. अविन शर्मा भी अस्पताल पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। शव को देख वकील के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। सीओ सिटी योगेंद्र कृष्ण नारायण ने बताया कि घटना में विधिवत कार्रवाई की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *