
मृतक बच्चा प्रवंश
– फोटो : फाइल फोटो
विस्तार
अहोई अष्टमी पर महिला अपनी संतान की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती है। हाथरस में अहोई अष्टमी से एक दिन पहले 4 नवंबर की दोपहर को एक परिवार का चिराग बुझ गया। शहर के आगरा रोड स्थित गिजरौली के निकट बाइक सवार बाबा व नाती को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे बाइक पर सवार सात वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे को उपचार के लिए बागला संयुक्त अस्पताल लाया गया। जहां उसकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने उसे उपचार के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे एक निजी चिकित्सालय में ले गए। जहां उसकी मौत हो गई।

शहर के खातीखाना गणेशगंज निवासी सात वर्षीय प्रवंश पुत्र अंकित शर्मा शनिवार की दोपहर को अपने बाबा अशोक शर्मा के साथ बाइक से आगरा रोड स्थित प्रेमरघु हॉस्पिटल के पीछे निर्माणाधीन मकान पर जा रहे थे। तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे दोनों बाबा और नाती सडक़ किनारे गिर गए। प्रवंश गंभीर रूप से चोटिल हो गया। मौके पर काफी लोग जमा हो गए। आनन-फानन प्रवंश को इलाज के लिए शहर के बागला संयुक्त जिला अस्पताल की इमरजेंसी लेकर आए।
जहां उसकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने उसे अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। इस पर परिजन उसे अलीगढ़ के एक निजी हॉस्पिटल में ले गए। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस पर परिजन शव को यहां पोस्टमार्टम हाउस पर ले आए। बच्चे की मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोककर बुरा हाल है।
देर रात तक पोस्टमार्टम हाउस पर मृतक के परिजन व अन्य लोग मौजूद थे। घटना के संबंध में कोतवाली सदर में तहरीर दी गई है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी विमल कुमार का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
