
Accident Demo
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
आगरा के थाना पिनाहट क्षेत्र के अरनोटा मार्ग स्थित नहर पुलिया के पास बुधवार दोपहर भीषण हादसा हुआ। तेज रफ्तार दो बाइकों में आमने-सामने की टक्कर हो गई। बाइकों के परखच्चे उड़ गए। पुलिस के मुताबिक, बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने थे। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पता चलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि बाइकों की गति 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा थी।
हादसा बुधवार दोपहर करीब दो बजे हुआ। बाह के किंदरपुरा निवासी अशोक किसान हैं। उनका बेटा दुर्गेश (25) बाइक लेकर घर से निकला था। परिजन के मुताबिक, वह किसी काम से घर निकला था। बसई अरेला के गांव बीधापुरा निवासी रामदास का बेटा दिनेश (28) बाइक से बाजार जा रहा था।
अरनोटा स्थित नहर की पुलिया के पास दोनों बाइकें टकरा गईं। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि दोनों तेज गति में बाइक चला रहे थे। रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा रही होगी। दोनों हेलमेट भी नहीं पहने थे। हादसे के बाद पुलिस ने दोनों को फतेहाबाद स्थित स्वास्थ्य केंद्र भेजा। चिकित्सक ने दिनेश को मृत घोषित कर दिया। जबकि दुर्गेश को एसएन मेडिकल कालेज रेफर किया। रास्ते में उनकी भी माैत हो गई।
आठ माह पहले हुई थी शादी
परिजन ने बताया दुर्गेश की आठ महीने पहले शादी हुई थी। दुर्गेश की मौत से पत्नी और परिजन का बुरा हाल है। वहीं दिनेश भी शादीशुदा है।
