अमेठी सिटी। डाकघरों में बैंकिंग क्षेत्र का नेटवर्क संबंधी कार्य देख रही सिफी कंपनी का करार समाप्त होने के बाद बीएसएनएल को नेटवर्क की जिम्मेदारी मिली है। पूर्व में व्यवस्था नहीं होने के कारण बैंकिंग का सर्वर बंद हो गया था। ऐसे में पांच दिनों से प्रधान डाकघर समेत अन्य उपडाकघरों में कामकाज ठप हो गया था। अमर उजाला ने इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया तो प्रधान डाकघर में शुक्रवार को सुबह से ही बीएसएनएल कर्मी पहुंचकर सर्वर को दुरुस्त करने में लग गए। दोपहर बाद सर्वर की समस्या ठीक हुई, जिसके बाद लेनदेन शुरू हो गया।
डाकघरों में बैंकिंग क्षेत्र का नेटवर्क संबंधी कार्य देख रही सिफी कंपनी से चार नवंबर को करार समाप्त होने के बाद बीएसएनएल को नेटवर्क की जिम्मेदारी मिली। पूर्व में पहले तैयारी नहीं होने के कारण चार नवंबर से अमेठी स्थित प्रधान डाकघर समेत सभी उपडाकघरों में सर्वर फेल हो गया था। जिसके चलते (बैंकिंग संबंधित) बचत, एनएससी, म्यूचल फंड, नया खाता खुलने, पासबुक अपडेट कराने, एफडी आदि का काम प्रभावित हो गया था।
शुक्रवार दोपहर तक प्रधान डाकघर में आने वाले ग्राहक प्रतिदिन की भांति पहुंचे। दोपहर तक लेनदेन का कार्य नहीं शुरू होने से ग्राहकों को मायूस होकर लौटना पड़ा। बीएसएनएल कर्मी सुबह से प्रधान डाकघर में सर्वर की समस्या ठीक करने में जुटे रहे। दोपहर डेढ़ बजे के बाद सर्वर की समस्या ठीक हुई। उसके बाद लेनदेन शुरू हो सका। वहीं, गौरीगंज उपडाकघर में कर्मी ग्राहकों से सुचारू रूप से लेनदेन करते दिखे। प्रधान डाकघर के पोस्टमास्टर राम आसरे सोनकर ने बताया कि दोपहर बाद सर्वर की समस्या ठीक हो गई है। काफी ग्राहक लौट गए। बताया कि कुछ लेनदेन हुआ है। शनिवार से सुचारू रूप से लेनदेन का कार्य ग्राहक कर सकेंगे।
समस्या को कराया जा रहा दूर
बीएसएनएल के एसडीओ दुर्गेश चंद्र ओझा ने बताया कि जहां बीएसएनएल का फाइबर लगा है। वहां दिक्कत नहीं है। जहां नहीं लगा है वहां फाइबर, राउटर आदि लगवाकर सर्वर शुरू कराया जा रहा है। प्रधान डाकघर में दोपहर बाद सर्वर शुरू करा दिया गया है। जल्द अन्य समस्याएं दूर करा दी जाएंगी।
