उरई। जिले में रविवार को 33 ग्रामीण और सात शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में 49 चिकित्सकों और 153 पैरामेडिकल स्टाफ ने भाग लेकर मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। इस दौरान कुल 1440 मरीजों की जांच की गई, जिनमें 755 पुरुष, 561 महिलाएं और 124 बच्चे शामिल रहे। सभी को आवश्यक उपचार और निशुल्क दवाएं उपलब्ध कराई गईं।

मेले के दौरान 46 लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए। बुखार से पीड़ित 91 मरीज पहुंचे, जिनमें से 46 की मलेरिया कार्ड के माध्यम से जांच की गई हालांकि किसी में भी मलेरिया की पुष्टि नहीं हुई। इसके अलावा 16 लोगों की हेपेटाइटिस जांच और 34 लोगों की आंखों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया गया। गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष जांच व्यवस्था की गई, जिसमें 59 गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें जरूरी दवाएं और सलाह दी गई। वहीं, गंभीर स्थिति वाले तीन मरीजों को उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया।

सीएमओ डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मेले में विभिन्न बीमारियों से ग्रसित मरीज पहुंचे। इनमें 259 लीवर संबंधी, 170 श्वसन रोग, 122 डायबिटीज और 265 त्वचा रोग के मरीज शामिल रहे। इसके अलावा पांच मरीज खून की कमी (एनीमिया) से पीड़ित पाए गए, जबकि 65 मरीज उच्च रक्तचाप के मिले।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लोगों को उनके नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर ही बेहतर और निशुल्क चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना है। संवाद



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *