
मथुरा यमुना
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
दिल्ली, हरियाणा व पहाड़ों पर बारिश का असर मथुरा में भी यमुना के जलस्तर में देखने को मिल रहा है। एक सप्ताह में यमुना का जलस्तर 163.55 मीटर पर पहुंच गया है। यमुना किनारे रहने वाले लोगों की धड़कनें बढ़ गई हैं। दरअसल, खतरे का निशान 166 मीटर पर है। हालांकि प्रशासन ने अभी चिंता न करने की बात कही है। प्रशासन का कहना है कि पर्याप्त मात्रा में इंतजाम कर रखे हैं। खतरे से निशान से अभी यमुना 2.45 मीटर नीचे है।
अपर आगरा कैनाल के गोकुल बैराज पर तैनात एक्सईएन सतीश कुमार ने बताया कि बीते एक सप्ताह की बात करें तो 30 सेंटी मीटर यमुना का जलस्तर बढ़ा है। पहले इसमें चार हजार क्यूसेक पानी था। वर्तमान में नौ हजार क्यूसेक पानी है। उन्होंने बताया कि पहाड़ी इलाकों, दिल्ली और हरियाणा सहित पश्चिम उप्र के जिलों में हो रही बारिश का यह असर है। उत्तराखंड में आई बाढ़ का पानी गंगा नहर में जा रहा है। उस पानी का यमुनोत्री के पानी से कोई मतलब नहीं है।
