संवाद न्यूज एजेंसी, अमेठी
Updated Mon, 12 Aug 2024 12:47 AM IST

अमेठी सिटी। जिले में रविवार को कहीं झमाझम तो कहीं कम बारिश हुई। लगातार हो रही बारिश से जलभराव होने पर लोगों की परेशानी बढ़ रही है।
पिछले चार दिनों से कई चक्रों में हुई बारिश अब आफत बनने लगी है। रविवार को हुई तेज बरसात से जलनिकासी की व्यवस्था नहीं होने से कुछ दुकानों में पानी भर गया। शहर की सड़कों पर जलभराव होने से लोगों को आने-जाने में परेशानी उठानी पड़ी। पानी से धान की फसलों को फायदा हुआ है, लेकिन खरीफ की अन्य फसलों को नुकसान की आशंका है। वहीं, बरसात से शहरवासियों के सामने जलभराव की समस्या खड़ी हो गई।
शहर के तहसील रोड से होकर जीजीआईसी मार्ग, स्टेशन मार्ग, जिला अस्पताल, सीएमओ कार्यालय सहित कई स्थानों पर जलभराव हो गया। जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया। यही हाल ओवरब्रिज के नीचे से होकर गुजरी सड़क का रहा। सबसे अधिक दिक्कत सब्जी मंडी, चौक बाजार में हुई।
बारिश के बाद शहर के कई मार्ग एवं सरकारी कार्यालयों में जलभराव की समस्या खड़ी हो गई। रेलवे स्टेशन मार्ग सहित कई स्थानों पर हुए जलभराव से आने-जाने वाले लोग परेशान दिखे। सड़क में बने गड्ढे पानी से लबालब भर गए।
