फोटो 36:: शहर के सिविल लाइन मोहल्ले के पास बिजली के तारों पर गिरे पेड़ को हटाते कर्मचारी। स्रोत-विभाग
फोटो 38:::तेज हवा के कारण ताखा के कायमपुरा स्थित प्राथमिक विद्यालय में गिरा पेड़। स्रोत-ग्रामीण
झमाझम बारिश से शहर से गांव तक बिजली गुल, पेड़ गिरने से टूटे तार
क्रासर
तेज हवा ने बिगाड़ी बिजली व्यवस्था, बकेवर में पांच घंटे तो शहर में तीन घंटे गुल रही बिजली
संवाद न्यूज़ एजेंसी
इटावा/बकेवर। शनिवार रात और रविवार दोपहर को जिले में हुई तेज बारिश और हवाओं ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। मौसम के बदले मिजाज का सबसे ज्यादा असर बिजली आपूर्ति पर पड़ा। कहीं तारों पर पेड़ गिरने से आपूर्ति ठप हुई, तो कहीं तकनीकी फॉल्ट के कारण घंटों बिजली गुल रही। निगम की टीमों को बारिश के बीच बिजली बहाल करने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ी।
रविवार दोपहर करीब दो बजे शहर के गुरु तेग बहादुर और रामलीला बिजली घर से जुड़े 20 से अधिक मोहल्लों की बत्ती अचानक गुल हो गई। तेज हवा के कारण सिविल लाइन के पास एक विशाल पेड़ बिजली के तारों पर जा गिरा, जिससे लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। करीब ढाई से तीन घंटे तक बिजली घर से जुड़े मोहल्लों में बिजली नहीं आई। बारिश रुकने के बाद निगम की टीम ने मोर्चा संभाला और तारों को दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल की। इसके साथ ही बकेवर और लखना क्षेत्र में शनिवार शाम से ही मौसम का मिजाज बिगड़ गया था। शाम छह बजे शुरू हुई बूंदाबांदी ने सात बजे तेज हवा और बारिश का रूप ले लिया। इसका असर यह हुआ कि बकेवर बिजली घर के पांचों फीडर ठप हो गए और करीब एक सैकड़ा 100 गांवों की बिजली गुल हो गई।
रात 11 बजे तक कस्बा और ग्रामीण इलाकों के लोग बिजली आने का इंतजार करते रहे। जेई आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि तेज हवा से लाइनों में फॉल्ट आए थे। बारिश बंद होते ही कर्मचारियों को पेट्रोलिंग पर भेजा गया और रात में ही सभी फीडरों की आपूर्ति सुचारू करवाई गई। एक्सईएन प्रथम एचपी मिश्रा ने बताया कि बारिश के दौरान ट्रायल लेना खतरनाक होता है, इसलिए सुरक्षा के लिहाज से आपूर्ति बंद रखी गई थी। बारिश थमते ही फॉल्ट ठीक कर बिजली चालू कर दी गई।
स्कूल में धराशायी हुआ पेड़
ताखा। क्षेत्र के ग्राम कायमपुरा स्थित प्राथमिक विद्यालय में तेज आंधी के कारण नीम का पेड़ धराशायी हो गया। हालांकि रविवार को विद्यालय में अवकाश था इससे कोई हादसा नहीं हुआ। प्रधानाचार्य सोनी राजावत ने बताया कि पेड़ गिरने से रसोईघर और प्रधानाध्यापक कार्यालय क्षतिग्रस्त हुआ है। (संवाद)
