दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार की शाम कार धमाके के बाद बरेली जिले में अलर्ट घोषित किया गया है। बरेली होते हुए दिल्ली जाने-आने वाली ट्रेनों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। राजधानी एक्सप्रेस, लखनऊ मेल और वंदे भारत गाड़ियों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। ब्लास्ट के बाद रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों से लेकर शहर भर में चेकिंग अभियान चलाया गया। एसएसपी और एसपी सिटी ने पुलिस टीमों के साथ चेकिंग की। बदायूं, शाहजहांपुर और पीलीभीत में भी पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। पीलीभीत और लखीमपुर खीरी जिलों में भारत-नेपाल सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है।
Trending Videos
2 of 5
जंक्शन पर पहुंचे पुलिस अफसर
– फोटो : अमर उजाला
बरेली जंक्शन पर जीआरपी, आरपीएफ और सिविल पुलिस ने संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। पार्किंग और सर्कुलेटिंग एरिया में वाहनों की चेकिंग के साथ संदिग्धों की भी तलाशी ली गई। बरेली होते हुए दिल्ली और लखनऊ जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों के लगेज की भी चेकिंग की गई। पार्सल घर में भी अलर्ट कर दिया गया है। एसएसपी अनुराग आर्य भी जंक्शन पहुंचे। उन्होंने सुरक्षा बंदोबस्त को देखा और सीसीटीवी कैमरों के संबंध में जानकारी ली।
3 of 5
पुलिस अफसरों ने शहर में किया भ्रमण
– फोटो : पुलिस
भीड़-भाड़ वाले इलाकों में विशेष सतर्कता
एसएसपी ने जिले के सभी थानेदारों को सार्वजनिक व संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बरतने और नियमित चेकिंग के निर्देश दिए हैं। शहर में चलाए जा रहे अभियान की मॉनीटरिंग का जिम्मा एसपी सिटी मानुष पारीक को दिया गया है। भीड़-भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता के निर्देश दिए गए हैं। रेलवे लाइनों की सुरक्षा को देखते हुए कांबिंग बढ़ा दी गई है। एसएसपी ने कहा कि सोशल मीडिया पर कोई अफवाह फैलाए तो तत्काल उसका खंडन कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ पुलिस निरोधात्मक कार्रवाई करें।
4 of 5
पीलीभीत में पुलिस अफसरों ने स्टेशन पर किया भ्रमण
– फोटो : संवाद
पीलीभीत: उत्तराखंड और नेपाल सीमा से सटे इलाकों पर विशेष नजर
पीलीभीत में पुलिस ने सोमवार शाम को खुफिया एजेंसियों के साथ शहर और भारत-नेपाल सीमा से सटे गांवों में चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। सीमावर्ती क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है। शहर में सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी के नेतृत्व में फोर्स ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, होटल और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी सर्च अभियान चलाया गया। वाहनों को भी चेक किया गया। एसपी अभिषेक यादव ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर जिले में सतर्कता बरती जा रही है। किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को देने के निर्देश दिए गए हैं।
5 of 5
पुलिस ने बस अड्डे पर चलाया चेकिंग अभियान
– फोटो : संवाद
शाहजहांपुर में पुलिस ने चलाया चेकिंग अभियान
दिल्ली में धमाके के बाद शाहजहांपुर में भी पुलिस और खुफिया विभाग सतर्क हो गया। एसपी राजेश द्विवेदी ने रोडवेज बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, संवेदनशील स्थल, मंदिर, बाजार के साथ-साथ सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाते हुए चेकिंग कराई। थाना सदर बाजार प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश कुमार ने टीम के साथ रोडवेज बस स्टैंड पर पहुंचकर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की। पुलिस टीम ने रेलवे स्टेशन के अलावा होटल-ढाबों पर भी जाकर चेकिंग की। होटल पर एंट्री रजिस्टर चेक किया। वहां रुके लोगों से पूछताछ कर उनका ब्योरा लिया।