हनुमानगढ़ी अयोध्या के महंत राजू दास ने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) पर विवादित बयान देते हुए कहा कि देश के पैसे से चलने वाली इस यूनिवर्सिटी में अनुसूचित जाति-जनजाति के विद्यार्थियों के लिए आरक्षण नहीं है। कोई भी पार्टी इस पर बोलने के लिए तैयार नहीं है। कहा कि एएमयू में एससी-एसटी के लिए तत्काल आरक्षण लागू होना चाहिए। उन्होंने एएमयू को आतंक की फैक्टरी तक कह दिया।
चंडौस में आयोजित हिंदू सम्मेलन को संबोधित करते हुए महंत राजू दास ने कहा कि देश को सुरक्षित रखना है तो देश भर में चलने वाले मदरसों को बंद कर देना चाहिए। मदरसों के बंद होने पर ही देश सुरक्षित रह सकता है। कहा कि मदरसाें में सामाजिक विज्ञान, हिंदी, भूगोल और इतिहास आदि विषय पढ़वाने की जरूरत है।
एआईएमआईएम के मुखिया असदुद्दीन ओवैसी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि कानून के जानकार सांसद को भारत माता की जय बोलना इस्लाम के खिलाफ लगता है, लेकिन संसद में वह जय फिलिस्तीन बोलते हैं। संख्या बढ़ने पर राम मंदिर की जगह बाबरी मस्जिद बनाने की बात करते हैं। ऐसे लोगों को सबक सिखाया जाना चाहिए, साथ ही ऐसे लोगों को भारत छोड़ देना चाहिए। उन्हें भारत में रहने का कोई अधिकार नहीं है।
कस्बे के रामलीला पैंठ मैदान में आयोजित सम्मेलन में उन्होंने कहा कि कोई देवी-देवता का अपमान करे तो उसे जवाब दें। उनके साथ ही संस्कार उपवन के संस्थापक नवनीत प्रिय दास ने भी संबोधित किया। संघ के जिला विभाग प्रचारक गोविंद, जिला प्रचारक अनमोल, प्रदीप माहेश्वरी, विपिन वर्मा, विक्की वर्मा, अंकित गौतम,राजीव हिन्दुस्तानी, कृष्ण कुमार शर्मा मौजूद रहे।
