{“_id”:”66bfde462cfef8c5fd0c5534″,”slug”:”history-sheeter-murdered-with-an-axe-due-to-enmity-orai-news-c-224-1-ka11004-118539-2024-08-17″,”type”:”story”,”status”:”publish”,”title_hn”:”Jalaun News: रंजिश में हिस्ट्रीशीटर की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या”,”category”:{“title”:”City & states”,”title_hn”:”शहर और राज्य”,”slug”:”city-and-states”}}
कोंच/एट। रंजिश के चलते चमारी गांव में अधेड़ की गांव के ही एक व्यक्ति ने कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। वारदात के वक्त वह प्राथमिक विद्यालय के सामने से निकल रहा था। जानकारी पर गांव में दहशत फैल गई। घटना के बाद हमलावर अपने घर में घुस गया और छत से पथराव करने लगा। तब मृतक के परिजनों ने पथराव कर दिया। गुस्साए परिजनों ने आरोपी के घर में तोड़फोड़ कर सामान बाहर फेंक दिया और बाहर खड़े ट्रैक्टर व बाइक में आग लगा दी।
एट थाना क्षेत्र के के चमारी गांव निवासी देवसिंह परिहार (55) बुधवार को प्राथमिक विद्यालय के पास निकल रहे थे, तभी गांव के ही कृष्णपाल सिंह पटेल ने कुल्हाड़ी से सिर पर हमला कर दिया। जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पास में बने अपने मकान में घुस गया। खून में लथपथ देख मृतक के परिजनों ने आपा खो दिया और हंगामा काटने लगे।
आरोपी छत पर चढ़कर पथराव करने लगा तो आक्रोशित लोगों ने आरोपी के घर पर हमला बोल दिया और घर में तोड़फोड़ कर समान बाहर फेंक दिया। घर के बाहर खड़े ट्रैक्टर और बाइक में आग लगा दी। सूचना पर एट थाना प्रभारी सुरेश चंद्र सिंह, पिरौना चौकी प्रभारी चेतराम सिंह पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और आग बुझाई लेकिन आक्रोशित लोग आरोपी का घर घेरे रहे। सूचना पर पहुंची एट पुलिस के सामने आक्रोशित लोग हंगामा करते रहे।
मामले की सूचना मिलते ही सीओ अर्चना सिंह व कोंच कोतवाल अरुण कुमार राय तत्काल मौके पर पहुंचे। सीओ ने आक्रोशित लोगों को समझा बुझा कर शांत कराया। कोंच कोतवाल ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। मृतक के बेटे जितेंद्र की तहरीर पर कृष्णपाल सिंह व उसके बेटे शिवम के खिलाफ हत्या की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
सीओ ने बताया कि मृतक मजदूरी करता था। उसकी तीन संतानों में दो बेटे और एक बेटी है। अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार वर्मा का कहना है कि पुरानी रंजिश को लेकर हत्या की गई है। पता चला है कि कुछ दिन पहले कृष्णपाल सिंह और देवीसिंह परिहार के बीच किसी बात पर कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश में कृष्णपाल ने देवीसिंह के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज उरई ले गई, वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। परिवार के लोगों से तहरीर लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। गांव में कानून व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।
इंसेट में-
एसपी के निर्देश पर गांव में पुलिस बल तैनात
घटना के बाद रात में पुलिस कप्तान डॉ. दुर्गेश कुमार भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर अधीनस्थों से घटना के बाबत जानकारी ली और मृतक के परिजनों से बात की। इसी के साथ शांति और सुरक्षा के मद्देनजर एसपी के निर्देश पर गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
इंसेट में-
एट थाने का हिस्ट्रीशीटर है मृतक
ग्राम चमारी में जिस 55 वर्षीय देवसिंह परिहार को कुल्हाड़ी से काट कर मौत के घाट उतारा गया है वह एट थाना का पुराना हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ थाने में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इंसेट में-
एक के बाद एक कुल्हाड़ी से हमला देख चीख पड़े बच्चे
ग्राम चमारी में विद्यालय के पास से गुजर रहे देवसिंह परिहार के ऊपर पीछे से कृष्णपाल सिंह को एक के बाद एक कुल्हाड़ी से बार करता देख वहां खेल रहे बच्चे बुरी तरह चीख पड़े और डरकर अपने-अपने घरों में दुबक गए।
इंसेट में-
1990 में भी हुआ था दोनों में विवाद
ग्राम चमारी में कुल्हाड़ी से हमला कर मौत के घाट उतारे गए देवसिंह परिहार और हमलावर कृष्णपाल सिंह के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, करीब 34 साल पहले 1990 में दोनों के बीच विवाद हुआ था जो थाने तक भी पहुंचा था लेकिन राजनीतिक दलों के लोगों ने दोनों में समझौता करा दिया था। बताया गया है कि कृष्णपाल सिंह गांव के तीन चार लोगों के साथ मारपीट कर लहूलुहान कर चुका है।
