बदायूं के चर्चित एचपीसीएल प्लांट हत्याकांड के मुख्य आरोपी अजय प्रताप सिंह के खिलाफ प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार को सुबह उसके सैजनी गांव स्थित अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चला दिया। दातागंज तहसील प्रशासन के नेतृत्व में शुरू की गई इस कार्रवाई के दौरान आरोपी की छह दुकानों को ध्वस्त किया जा रहा है।
मंगलवार सुबह से ही सैजनी गांव में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई थी। मौके पर एसडीएम दातागंज के नेतृत्व में राजस्व टीम और भारी पुलिस बल तैनात किया गया, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। बुलडोजर की कार्रवाई शुरू होते ही आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई, हालांकि पुलिस ने सुरक्षा घेरा बनाकर स्थिति को नियंत्रण में रखा।
अवैध रूप से बनाई गई थीं दुकानें
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, आरोपी अजय प्रताप सिंह की ये दुकानें अवैध रूप से बनाई गई थीं, जिनके खिलाफ पहले से लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने नोटिस जारी किया गया था। नियमानुसार जवाब न मिलने और दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई अमल में लाई गई।
संबंधित खबर- UP: नेता के भाई ने हाईजैक कर लिया था प्लांट, गुर्गों ने फैला दी थी अराजकता; दो अफसरों की हत्या में नया खुलासा
गौरतलब है कि सैजनी गांव स्थित एचपीसीएल प्लांट में हुए दोहरे हत्याकांड के बाद से प्रशासन पूरी तरह सख्त रुख अपनाए हुए है। घटना के बाद से ही आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ उनकी संपत्तियों की जांच भी की जा रही थी। आरोपी अजय प्रताप सिंह को लेकर रोज नए खुलासे हो रहे हैं।