संवाद न्यूज एजेंसी, जालौन
Updated Mon, 28 Oct 2024 12:39 AM IST
एट/उरई (जालौन)। एट थाना पुलिस ने हाईवे पर चेकिंग के दौरान एक डीसीएम की तलाशी ली तो उसमें भैंस के सौ पड़वे भरे मिले। पुलिस ने डीसीएम को कब्जे में लेकर चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए लोगों पर पुलिस ने पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की।
एट थाना के प्रभारी विमलेश कुमार पुलिस टीम के साथ थाना क्षेत्र के झांसी-कानपुर हाईवे स्थित टोल प्लाजा के पास चेकिंग अभियान चला रहे थे। तभी एक डीसीएम में सौ पड़वे बंधे मिले। पुलिस ने डीसीएम को कब्जे में लेकर झांसी जिले के नवाबाद थाना क्षेत्र के गुमनापारा पिछोर निवासी मनीष गौर, जालौन कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खटिकान निवासी खुर्शीद कुरैशी, झांसी कोतवाली क्षेत्र के ओरछा गेट निवासी मोहम्मद लाल कुरैशी, उरई कोतवाली क्षेत्र के बल्लभ नगर निवासी शाकिर कुरैशी को पकड़ लिया। पकड़े गए लोगों ने बताया कि वह पशुओं को बेचने जा रहे थे। तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। पुलिस ने कार्रवाई के बाद सभी को जेल भेज दिया।