अमर उजाला ब्यूरो
बंगरा। बुधवार शाम बंगरा पुलिस चौकी से चंद कदम दूर सिरफिरे पति ने पत्नी पर ब्लेड से हमला करके उसे घायल कर दिया। वहां मौजूद राहगीरों ने साहस दिखाकर महिला को उसके पति के चंगुल से बचाया। काफी देर तक वहां चीख-पुकार मची रही। चंद कदम दूर होने के बावजूद पुलिस करीब पैंतीस मिनट बाद पहुंची। घायल महिला की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली।
थाना कटेरा के कगर गांव निवासी रंजना उर्फ वंदना ने चार साल पहले थाना सीपरी बाजार के मसीहागंज निवासी दीपक से शादी की थी। वंदना के परिजनों का कहना है कि दीपक नशे का आदी है। अक्सर ही वंदना से मारपीट करता है। इस वजह से वंदना अपनी बेटी को लेकर मायके में रहती है। इसके पहले भी रास्ते में कई बार रोकर उसे धमका चुका। दोनों के बीच मामला कोर्ट में भी चल रहा है। बुधवार शाम वह काम पर गई थी। वहां दीपक भी आ धमका। ऑफिस के बाहर कटरा सड़क मार्ग पर घात लगाकर बैठ गया। जैसे ही वह पहुंची उसने ब्लेड से गले पर वार कर दिया। वंदना लहूलुहान हो गई। यह देख आसपास के लोग जमा हो गए। थाना प्रभारी दिनेश कुरील ने बताया कि विवाहिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
