बैठक में विद्युत निगम के डायरेक्टर ने कहा – अब उपकेंद्र पर खराबी होने पर पहुंचेगी टेस्ट डिवीजन की टीम
फोटो….
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। अब सब स्टेशन पर खराबी आने पर टेस्ट डिविजन की टीम तत्काल पहुंचेगी। टेस्ट डिविजन टीम के साथ में इंजीनियर समस्या का निदान करेंगे। यह भी स्पष्ट है कि यदि इसमें कोई गड़बड़ी हुई तो सीधे निलंबन की कार्रवाई की जाएगी, किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के डायरेक्टर अजय अग्रवाल सोमवार को मुख्य अभियंता कार्यालय पहुंचे। जिले के अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता और सभी एसडीओ के साथ बैठक की। उन्होंने बारिश के दौरान बिजली आपूर्ति व्यवस्था ठप रहने की वजह पर चर्चा की। कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि समय रहते व्यवस्थाएं सुधार ली जाएं, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी की लापरवाही सामने आती है, तो सीधे निलंबन की कार्रवाई होगी।
उन्होंने कहा कि आगे से यदि किसी सब स्टेशन के ट्रांसफार्मर अथवा आपूर्ति सिस्टम में खराबी आती है तो एसडीओ और अधिशासी अभियंता के साथ ही टेस्ट डिवीजन की टीम भी पहुंचेगी। ऐसा नहीं होगा कि अधिकारियों के फोन करने अथवा बुलाने पर ही टीम पहुंचे। वहीं, अधिशासी अभियंताओं से कहा कि सब स्टेशन पर खराबी आने की सूचना तत्काल टेस्ट डिवीजन को दें ताकि टीम मौके पर पहुंचे।
0- संतोषजनक जवाब मिलने चाहिए जनता को
डायरेक्टर अजय अग्रवाल ने कंट्रोल रूम की व्यवस्था और मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फाल्ट अथवा समस्या का निदान करने में जेई, एसडीओ आदि लग जाते हैं। इसकी वजह से फोन उठाने में दिक्कत होती है। लोगों का गुस्सा पनपता है। इसलिए कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखा जाएगा ताकि बिजली गुल होने पर कंट्रोल रूम से सही जानकारी जनता को मिल सके।
0- अब बिजली आने का समय बताएगा कंट्रोल रूम
डायरेक्टर ने कहा कि जैसे ही किसी सब स्टेशन अथवा फीडर से बिजली आपूर्ति बाधित होती है, वैसे ही जेई अथवा एसडीओ कंट्रोल रूम को फोन करके बताएंगे कि कब तक बिजली आपूर्ति सुचारु होगी ताकि कंट्रोल रूम जनता को बता सकें। डायरेक्टर अजय अग्रवाल ने बताया कि जिन खामियों की वजह से शहर की जनता को बिजली संकट झेलना पड़ा, उन्हें स्थायी रूप से जल्द से जल्द दूर किया जाएगा। मुन्नालाल पावर हाउस के रिले सिस्टम में आई खराबी दूर करवा दी गई है।
