
सीज की गई ट्रैक्टर ट्राली।
– फोटो : amar ujala
विस्तार
अयोध्या जिले में खनन माफिया बेखौफ हो गए हैं। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि रुदौली क्षेत्र में शुजागंज पुलिस चौकी के पीछे रात के अंधेरे में मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा था। खनन विभाग की टीम ने छापेमारी की तो खनन माफिया के गुर्गे फरार हो गए। इस दौरान यहां से आठ ट्रैक्टर ट्राली सीज की गई।
इसी तरह पूराकलंदर थाना से चार किलोमीटर दूर मिट्टी खनन किया जा रहा था। खनन विभाग की टीम ने यहां पर भी छापेमारी कर तीन ट्रैक्टर ट्राली को सीज किया है। खनन अधिकारी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि मौके पर पुलिस टीम को भी बुला लिया गया था। पकड़े गए प्रत्येक ट्रैक्टर पर 25,000 रुपये जुर्माना लगाया जा रहा है।
इस तरह 11 ट्रैक्टर ट्रालियों के स्वामी से 2.75 लाख रुपये जुर्माना वसूला जाएगा। इसी कड़ी में खनन विभाग ने पूराकलंदर थाना क्षेत्र के लालपुर गांव में मिट्टी खनन की सूचना मिलने पर छापेमारी की गई। यहां से एक जेसीबी, मिट्टी लदी दो ट्रैक्टर ट्राली और मोरंग से लदा एक ट्रक पकड़ा गया।
इन वाहनों के स्वामियों पर 3.10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। अभियान में खनन विभाग के निरीक्षक चंद्रशेखर पाठक भी शामिल रहे।
