
ठंड से ठिठुरते बच्चे
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बरेली में छह साल बाद मकर संक्रांति पर ठंड का रेड अलर्ट जारी हुआ है। रविवार को दिनभर शहरवासी ठिठुरते रहे। बाजारों में चहल-पहल कम रही। शाम ढलते ही सड़कें सूनी हो गईं। रात में घने कोहरे ने शहर को अपने आगोश में ले लिया। अधिकतम तापमान 12.1 डिग्री और न्यूनतम 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दृश्यता 25 मीटर से भी कम रही।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र से प्राप्त जानकारी के मुताबिक वर्ष 2017 में मकर संक्रांति पर न्यूनतम तापमान 4.8 और अधिकतम 14.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। मौसम विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक जनवरी 2017 के बाद इस साल जनवरी में अब तक तीन बार पश्चिमी विक्षोभ 33 डिग्री के नीचे दर्ज हुआ है लेकिन उच्च वायुदाब की वजह से बारिश के लिए अनुकूल माहौल नहीं बन सका।
तापमान के रिकॉर्ड पर गौर करें तो वर्ष 2018 में अधिकतम 16.9 और न्यूनतम 4.8 डिग्री दर्ज हुआ था। क्रमवार 2019 में 22.6-7.2, 2020 में 11.9-7.9, 2021 में 16.4-3.8, 2022 में 15.2-7.3, 2023 में 23.8-8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।
