
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी ने किया फ्लाईओवर का उद्घाटन
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
लखीमपुर खीरी में करीब तीन सौ करोड़ रुपये की लागत से बने दो फ्लाईओवर और एक ओवरब्रिज का रविवार को उद्घाटन हो गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी ने कहा कि अभी तक जिस स्थान पर पहुंचने के लिए 40 से 45 मिनट का समय लगता था, वहां अब दस मिनट में पहुंचा जा सकेगा। उन्होंने तीन नए ओवरब्रिज के निर्माण की घोषणा भी की।
रविवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र, विधायक योगेश वर्मा, मंजू त्यागी की मौजूदगी में लागत 297 करोड़ से बने छाउछ, एलआरपी में फ्लाईओवर और राजापुर चौराहे पर बने ओवरब्रिज का लोकार्पण किया। इस कार्यक्रम में पीडब्ल्यूडी मंत्री जितिन प्रसाद ने भी वर्चुअली हिस्सा लिया। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टेनी ने कहा कि जिले में कितना विकास हुआ है, यह क्षेत्र की सड़क को देखकर पता चल जाता है। साल 2014 से पहले जो सड़कों की स्थिति थी, वह किसी से छुपी नहीं है।
जब फ्लाईओवर नहीं बने थे तो राजापुर से लेकर लालपुर बैरियर तक जाने के लिए करीब 40 से 45 मिनट का समय लगता था। अब यह सफर दस मिनट में तय किया जा सकेगा। संबोधन के बाद केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी वर्चुअल संवाद किया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, विनीत मनार, अरविन्द गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि अरविंद सिंह व जितेन्द्र त्रिपाठी, मुन्ना लाल अवस्थी, सांसद प्रवक्ता अम्बरीष सिंह, नरेन्द्र सिंह , अवधेश सिंह मौजूद रहे।
