रायबरेली। शहर के इंडस्ट्रियल एरिया में वर्षों से बंद पड़ी कताई मिल की करीब 58.66 एकड़ भूमि पर औद्योगिक पार्क बनेगा। बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के लोकभवन में आयोजित इंटरनेशनल ट्रेड शो के द्वितीय संस्करण के कर्टेन रेजर सेरेमनी में औद्योगिक पार्क का शिलान्यास किया।औद्योगिक पार्क में नए उद्योगों की स्थापना होगी तो बछरावां में उद्यमियों की सहूलियतें भी बढ़ेंगी।
शहर के अमावां रोड स्थित औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित स्पिनिंग मिल वर्ष 2012 से बंद है। 58.66 एकड़ भूमि पर बनी मिल से लोगों को रोजगार नहीं मिल पा रहा था। पिछले साल कैबिनेट में मिल की भूमि को औद्योगिक पार्क बनाने के लिए प्रस्ताव को पास किया गया था। मिल की पूरी जमीन भी जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र को मिल भी चुकी है। इंवेस्टर्स को उद्यम लगाने के लिए जमीन की व्यवस्था भी नहीं हो पा रही है।
बृहस्पतिवार को लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्पिनिंग मिल में औद्योगिक पार्क के काम का ऑनलाइन शिलान्यास कर दिया। इस पार्क के स्थापित होने के बाद उद्यामियों को उद्यम लगाने के लिए जमीन की समस्या दूर हो गई है। लोगों के लिए रोजगार के साधन भी तेजी से बढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री ने बछरावां स्थित मिनी औद्योगिक क्षेत्र के उच्चीकरण के लिए भी शिलान्यास किया है। उच्चीकरण के बाद उद्योमियों की सहूलियतें बढ़ जाएंगी। कार्यक्रम में जिले से इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष अर्पित सिंघल, लघु उद्योग भारती के प्रदेश सचिव सुरेश गुप्ता, इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष गौरव अग्रवाल, जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केंद्र उपायुक्त परमहंस मौर्या, ज्ञानेंद्र आदि शामिल रहे।
अमर उजाला की खबर पर लगी मुहर
अमर उजाला ने बीती 11 मार्च 2023 को बंद मिलों की 59 एकड़ भूमि पर एमएसएमई पार्क शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। खबर में अमावां रोड स्थित कताई मिल को औद्योगिक पार्क बनाए जाने का जिक्र किया गया था।
उद्यमियों की भूमि की समस्या होगी दूर, मिलेंगे प्लाॅट
स्पिनिंग(कताई) मिल की भूमि पर औद्योगिक पार्क के शिलान्यास से खुश लघु उद्योग भारती के प्रदेश सचिव सुरेश गुप्ता का कहना है कि वर्तमान समय में उद्यमियों को उद्योग लगाने के लिए जमीन की बड़ी समस्या थी, लेकिन इस पार्क के बन जाने के बाद यह समस्या दूर हो जाएगी। समय से जमीन मिलने से उद्यम जल्द लगेंगे और जिले के लोगों को रोजगार मिलेगा। इससे उद्यमियों के साथ ही बेरोजगारों को बड़ी राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने अमावां रोड स्थित स्पिनिंग मिल की 58.66 एकड़ भूमि पर औद्योगिक पार्क के लिए शिलान्यास किया है। बछरावां के मिनी औद्योगिक क्षेत्र के उच्चीकरण के काम का भी शिलान्यास हुआ है। इससे उद्यमियों और लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
परमहंस मौर्या, उपायुक्त- जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र
