कार्यक्रम में 20 से अधिक स्टार्टअप होंगे शामिल
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत संचालित राइज इंक्यूबेशन सेंटर में अपने स्टार्टअप के विकास और नए प्रतिभाशाली छात्रों को जोड़ने के उद्देश्य से 24 अक्तूबर को इंटर्नशिप ड्राइव होगी। कार्यक्रम में राइज से जुड़े 20 से अधिक स्टार्टअप शामिल होंगे, जो इंटर्नशिप और नौकरी के अवसर उपलब्ध कराएंगे।
यह इंटर्नशिप ड्राइव उन छात्रों के लिए सुनहरा अवसर है, जो इन स्टार्टअप में वास्तविक कामकाजी अनुभव प्राप्त करना चाहते हैं। स्टार्टअप न केवल इंटर्नशिप की पेश करेंगे बल्कि कुछ के लिए फुल टाइम और पार्ट टाइम नौकरी के अवसर भी खुलेंगे। यह ड्राइव विभिन्न क्षेत्रों में स्नातक और परास्नातक छात्रों के लिए खुला है, जो नवाचार और स्टार्टअप की दुनिया में कदम रखना चाहते हैं। राइज इंक्यूबेशन सेंटर का यह कदम न सिर्फ स्टार्टअप को नई प्रतिभाओं में जोड़ने में मदद करेगा, बल्कि छात्रों को शुरुआती स्तर पर स्टार्टअप में काम करने का अनुभव भी प्रदान करेगा। यह आयोजन उनके कॅरियर को संवारने का शानदार मौका है। इस इंटर्नशिप ड्राइव के लिए छात्र बृहस्पतिवार को राइज इंक्यूबेशन सेंटर में उपस्थित होकर अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित कर सकते हैं और स्टार्टअप के साथ जुड़ने का अवसर दे सकते हैं।https://forms.gle/8yZgCv3Rvoni4y3h8 पर पंजीकरण कर सकते हैं।
