जगदीशपुर (अमेठी)। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, निवेश, स्वयं सहायता समूह, बैंकिंग सहित अन्य चिह्नित संकेतकों में बेहतर कार्य करने पर नीति आयोग की ओर से जारी रैंकिंग में आकांक्षी ब्लाॅक जगदीशपुर को उत्तर भारत जोन में दूसरा स्थान मिला है। इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बधाई दी है। जिले के तीन ब्लाॅकों जगदीशपुर, जामो व बाजारशुकुल को आकांक्षी ब्लॉक के रूप में चयनित किया गया है। इन ब्लॉकों में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, बैंकिंग, स्वयं सहायता समूह, निवेश सहित 40 संकेतकों पर प्रगति के लिए कार्य चल रहा है। डीएम निशा अनंत व सीडीओ सूरज पटेल की कोशिशों के बाद संबंधित क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने पर जगदीशपुर को नीति आयोग से जारी रैंकिंग में उत्तर भारत जोन में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है।
सीडीओ ने बताया कि जगदीशपुर ब्लॉक में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि समेत 40 सूचकांकों पर विशेष ध्यान देकर जनसामान्य को लाभान्वित कराने के साथ अपेक्षित प्रगति दर्ज कराई गई है। इसके परिणाम स्वरूप नीति आयोग की रैंकिंग में उत्तर भारत जोन में जगदीशपुर को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है।
बेहतर प्रदर्शन के लिए मिली टॉप रैंकिंग
जगदीशपुर (अमेठी)। नीति आयोग की ओर से जारी आकांक्षात्मक विकासखंडों की डेल्टा रैंकिंग में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जगदीशपुर दूसरे पायदान पर रहा है। सीएचसी केंद्र के अधीक्षक डॉ. प्रदीप तिवारी ने बताया कि यह योगी सरकार की ओर से आकांक्षात्मक विकास खंडों को मुख्यधारा में लाने के लिए किए जा रहे प्रयासों का नतीजा है। मुख्य्मंत्री योगी के विजन के अनुरूप आकांक्षात्मक विकास खंड में सरकार की 40 योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जा रहा है।
