कोंच नगर के गांधी नगर स्थित सिंह वाहिनी मंदिर के सामने नगर पालिका की जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुंची अधिशासी अधिकारी (ईओ) के साथ महिलाओं की नोकझोंक हो गई। आरोप है कि हंगामे के दौरान एक महिला ने ईओ का दुपट्टा खींच लिया। मौके पर मौजूद पुलिस और महिला पुलिसकर्मियों ने स्थिति संभाली। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
नगर पालिका के अभिलेखों के अनुसार मंदिर के सामने करीब पांच हजार वर्गफुट भूमि नवीन परती के रूप में दर्ज है। वर्ष 2024-25 की बोर्ड बैठक में इस जमीन पर मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत गौतम बुद्ध पार्क निर्माण को मंजूरी दी गई थी। पालिका प्रशासन का कहना है कि जमीन पर पांच लोगों ने कब्जा कर रखा था। अतिक्रमण हटाने के लिए कई बार नोटिस जारी किए गए थे।
कुछ दिन पहले ईओ मोनिका उमराव स्वयं मौके पर पहुंचीं और 15 दिन का अल्टीमेटम दिया था। इसके बाद कुछ लोगों ने स्वेच्छा से कब्जा हटा लिया, लेकिन दो-तीन लोगों ने अतिक्रमण नहीं हटाया। सोमवार को एसडीएम वीरेंद्र कुमार गुप्ता, सीओ परमेश्वर प्रसाद, कोतवाली प्रभारी ब्रजेश बहादुर सिंह और पालिका ईओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जेसीबी और ट्रैक्टरों की मदद से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू हुई। इसी दौरान कुछ महिलाओं ने विरोध करते हुए हंगामा किया और ईओ से बहस करने लगीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धक्का-मुक्की की स्थिति में एक महिला ने ईओ का दुपट्टा खींच लिया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महिला पुलिसकर्मियों की मदद से महिलाओं को हटाया और कार्रवाई जारी रखी।
अतिक्रमण हटने के बाद पार्क निर्माण का कार्य भी शुरू करा दिया गया। ईओ मोनिका उमराव ने बताया कि मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना के तहत करीब 16 लाख रुपये की लागत से गौतम बुद्ध पार्क का निर्माण प्रस्तावित है, जो अतिक्रमण के कारण लंबे समय से रुका था। अब भूमि खाली होने के बाद निर्माण कार्य शुरू करा दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी अभियान जारी रहेगा।
