
पर्वत सिंह बादल उरई (ब्यूरो चीफ जालौन) ✍️
(उरईजालौन)जालौन: नवीन गल्ला मंडी परिसर, जालौन स्थित मूंग क्रय केंद्र का आज जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने संयुक्त रूप से निरीक्षण कर व्यवस्था का जायज़ा लिया। निरीक्षण के दौरान क्रय केंद्र की व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को पारदर्शी व सुचारु क्रय प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद क्रय पंजिका (रजिस्टर) का अवलोकन किया तथा उसमें दर्ज किसानों के नाम व विवरणों की जांच की। पारदर्शिता की पुष्टि हेतु जिलाधिकारी ने दो किसानों शिवनारायण (ग्राम सिकरी) व रघुनाथ सिंह (ग्राम भिटारा) से मोबाइल पर सीधे संवाद कर जानकारी ली। किसानों से हुई बातचीत में उन्होंने बताया कि उन्होंने कुछ दिन पूर्व केंद्र पर पंजीकरण करा लिया है, परंतु मूंग की उपज अभी उनके घर पर ही सुरक्षित है, जिसे जल्द ही केंद्र पर भेजने की योजना है।जिलाधिकारी द्वारा किसानों से की गई यह प्रत्यक्ष बातचीत न केवल प्रक्रिया की पारदर्शिता को प्रमाणित करती है, बल्कि किसानों में विश्वास एवं संतोष का भाव भी जागृत करती है। जिला प्रशासन की यह सक्रियता न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) योजना के सफल क्रियान्वयन की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी विनय कुमार मौर्य, मंडी सचिव, क्रय प्रभारी आदि संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।