मारपीट में एक महिला घायल, पुलिस ने शांत कराया मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
उरई। कस्बा गोहन के एक विवाह घर में आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में खाने को लेकर विवाद हो गया। वर और वधू पक्ष के लोगों ने खाना न मिलने पर हंगामा शुरू कर दिया। इसी बीच विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट हो गई, जिसमें एक महिला घायल हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह समझा बुझाकर मामले को शांत कराया।
सर्व महिला लोक कल्याण सेवा संस्थान के तत्वावधान में शुक्रवार को सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन गोहन के एक उत्सव गृह में किया गया। विवाह सम्मेलन में 11 जोड़ों का विवाह कार्यक्रम किया जा रहा था। कमेटी की ओर से खाने का सही प्रबंध न किए जाने के कारण लोग और बच्चे भूख से व्याकुल हो गए। इस दौरान कमेटी के पदाधिकारियों और बरातियों के बीच विवाद हो गया। विवाद ने झगड़े का रूप ले लिया। जिसमें एक महिला घायल हो गई और कुछ लोग चुटहिल हो गए।
सूचना पर थाना गोहन पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक कमेटी के लोग इधर-उधर हो गए। सम्मेलन व्यवस्थापक रोहित कुशवाहा को पुलिस अपने साथ गोहन थाने ले गई। लोगों ने बताया कि विवाह के लिए कमेटी के पदाधिकारियों ने रजिस्ट्रेशन कराते समय एक पक्ष के 50 लोगों को भोजन देने का वादा किया था लेकिन कमेटी की ओर से सही इंतजाम नहीं किया गया।
भोजन मांगने पर कमेटी के लोगों ने अभद्रता की। इसे लेकर हंगामा हो गया। झगड़े के बाद गोहन थाना प्रभारी रवींद्र नाथ यादव, उपनिरीक्षक राकेश कुमार ने अन्य रस्मों को पूर्ण करवाकर कार्यक्रम सम्पन्न करवाया है। गोहन थाना प्रभारी ने बताया कि विवाह में मामूली विवाद हुआ था। पुलिस पहुंची थी लेकिन बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया।