उरई। रेलवे स्टेशन की आए दिन बिजली सप्लाई बाधित होने से स्टेशन पर अंधेरा छा जाता है। गुरुवार की रात भी स्टेशन की बिजली गुल हो गई। उसी वक्त कुशीनगर एक्सप्रेस निकल रही थी। स्टेशन पर अंधेरा होने के कारण यात्रियों ने हो हल्ला शुरू कर दिया। किसी तरह आरपीएफ स्टाफ ने टार्च आदि दिखाकर यात्रियों को बैठाया। करीब आधा घंटा स्टेशन अंधेरे में रहा।
इस समय शहर के मोहल्ला राजेंद्रनगर और इंदिरानगर में बिजली व्यवस्था चरमराई है। शहर की बिजली जाने के कारण स्टेशन की भी बिजली चली गई। बिजली जाने के दौरान जनरेटर से भी बिजली चालू नहीं की गई। फोन करने पर जनरेटर कक्ष में तैनात किसी कर्मचारी ने फोन रिसीव नहीं किया। इसी बीच मुंबई से गोरखपुर जाने वाली कुशीनगर एक्सप्रेस निर्धारित समय से डेढ़ घंटा देरी से करीब 9:54 उरई स्टेशन पहुंची। जब ट्रेन पहुंची, उस समय स्टेशन पर अंधेरा छाया हुआ था।
ट्रेन आने के बाद यात्रियों ने हो हल्ला शुरू कर दिया। सीट पाने के लिए यात्रियों को दौड़ लगानी पड़ी। जनरल टिकट वाले यात्री अंधेरे के कारण ट्रेन में नहीं बैठ पाए। हो हल्ला सुनकर आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे और टार्च दिखाकर किसी तरह यात्रियों को ट्रेन में बैठाया। तब ट्रेन गंतव्य की ओर रवाना हुई।
इस बाबत सीनियर सेक्शन इंजीनियर बिजली मोहित शुक्ला का कहना है कि जनरेटर क्यों नहीं चला। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी कहां थे। इसका पता किया जा रहा है। जांच पड़ताल के बाद कार्रवाई की जाएगी। ड्यूटी पर तैनात उप अधीक्षक पीके निरंजन ने बताया कि बिजली न आने के कारण यात्रियों को दिक्कत हुई। इस बारे में झांसी कंट्रोल रूम को अवगत करा दिया गया है।
