उरई। ग्वालियर से बरौनी जाने वाली छपरा मेल अब झांसी-कानपुर रेलमार्ग से ही जाएगी। यह ट्रेन प्रयागराज होकर अपने गंतव्य को रवाना होगी।
बता दें कि इस ट्रेन को रेल प्रशासन ने 11 अक्तूबर से 20 अक्तूबर तक निरस्त करने का निर्णय लिया था। इसके पहले भी यह ट्रेन करीब 45 दिन डायवर्ट रही थी। एक बार भी इस ट्रेन के झांसी-कानपुर मार्ग से न गुजरने पर यात्रियों ने नाराजगी जताते हुए आपत्ति दर्ज कराई थी। इस पर रेलवे बोर्ड ने ट्रेन का निरस्तीकरण रद कर दिया। अब यह ट्रेन लखनऊ के बजाय प्रयागराज, मुगलसराय होकर जाएंगी।
बुढ़वल, सुधियामऊ सेक्शन में 11 किलोमीटर हो रहे ट्रैक दोहरीकरण के काम के चलते ग्वालियर से बरौनी जाने वाली ट्रेन को 20 अक्तूबर तक के लिए निरस्त कर दिया गया था। इससे झांसी-कानपुर मार्ग के यात्रियों की मुसीबत बढ़ गई थी। यह ट्रेन नियमित यात्रियों के अलावा नौकरीपेशा यात्रियों के लिए झांसी और कानपुर जाने के लिए काफी मुफीद रहती है। आए दिन इस ट्रेन के रूट डायवर्ट होने और निरस्त होने से यात्रियों में नाराजगी थी। बस का किराया अधिक होने के कारण इस ट्रेन को लोग अच्छा मानते हैं।
पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि ग्वालियर मेल का निरस्तीकरण रद कर दिया गया है। अब यह ट्रेन झांसी कानपुर रेलमार्ग होते हुए प्रयागराज, मुगलसराय होते हुए बरौनी तक जाएगी। यात्रियों की सुविधा के लिए रेल प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।