उरई। महिला कल्याण विभाग की ओर से जिला महिला अस्पताल में कन्या जन्मोत्सव मनाया गया। इसमें इस सप्ताह जन्मी 24 बालिकाओं के माता-पिता को प्रशस्तिपत्र ,कन्या बधाई पत्र ,मिठाइयां तथा बेबी किट देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित ने कहा कि आइए हम सब मिलकर बेटियों के जन्म को उत्सव के रूप में मनाए। बेटियों के लिए सकारात्मक परिवेश का सृजन करें। बेटियां समाज के हर क्षेत्र में अपने काबिलियत का लोहा मनवा रही हैं बेटियों के जन्म को उत्सव के रूप में मनाए और सोहर ,मंगलगीत तथा अन्य संस्कारों से इन्हें सुसज्जित करें।
संजीव ऋंगऋषि ने कहा कि बेटियां घर के उत्थान में महत्ती भूमिका निभा रही है। बेटियों के सशक्तिकरण पर घर परिवार समाज को ध्यान देना होगा। जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ अमरेंद्र कुमार पौत्स्यायन ने कहा कि प्रत्येक माह के पहले और तीसरे सोमवार को कन्या जन्मोत्सव का आयोजन महिला कल्याण विभाग द्वारा आयोजित की जाती है, जिसमें बेटियों के जन्म पर उनके माता-पिता को कन्या बधाई पत्र, बेबी किट तथा अन्य सामग्रियां देकर सम्मानित किया जाता है।
इस दौरान सीएमएस डॉ. अविनेश बनौधा, संजीव गोयल, लक्ष्मणदास ववानी, अंजना, रागनी, प्रवीणा, अर्चना, अलकमा, नीतू, वीरसिंह, सुरेश, गरिमा पाठक, अवधनारायण द्विवेदी आदि मौजूद रहे।
