संवाद न्यूज एजेंसी
उरई। मौसेरी बहन को बाइक से घर छोड़ने जा रहे बाइक सवार युवक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। जिससे बाइक में सवार सगे भाई बहन व मौसेरी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी जालौन में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने मौसेरी बहन लाली व भाई अंकुश को मृत घोषित कर दिया। जबकि बहन आराधना को झांसी रेफर कर दिया है। मौत की खबर जैसे ही दोनों परिवार के लोगों को लगी तो घर में बैठी दोनों बहनें बेसुध हो गई। एक ने अपना लाल खोया तो दूसरी ने अपनी बेटी को खो दिया।
परिजनों ने बताया कि गोहन थाना क्षेत्र के गढि़या गांव निवासी विजय बहादुर की पत्नी केतकी की बहन कुसमा सिरसाकलार थाना क्षेत्र के निपनिया गांव में रहती हैं। जिनकी छोटी बेटी लाली एक सप्ताह पहले मौसी के यहां घूमने आई थी। वह सात बहनों में सबसे छोटी थी। रविवार को वह अपने मौसी के लड़के अंकुश व बहन आराधना के साथ गांव वापस जा रही थी। तभी यह हादसा हो गया। अंकुश कक्षा 11 में पढ़ाई कर रहा था। जबकि लाली हाईस्कूल की छात्रा थी। जब दोनों की मौत की सूचना घर पहुंची तो घरों में कोहराम मच गया। अंकुश की बहन आराधना अभी भी जिंदगी व मौत के बीच संघर्ष कर रही है।
दोनों गांवों में पसरा सन्नाटा नहीं जले चूल्हे
हादसे की सूचना जैसे ही दोनों बहनों के गावों में ग्रामीणों को लगी तो उनके घर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। गढि़या में रो रही मां केतकी को कोई दिलासा दे रहा था, तो वहीं निपनिया गांव में बेसुध मां कुसमा के आंसुओं को पोंछने की कोशिश कर रहा था। लेकिन दो मौतों से लोग स्तब्ध हैं। जानकारी के बाद से ही आसपास के घरों में सन्नाटा पसरा रहा किसी के घरों में चूल्हा नहीं जला। वहीं दोनों के रिश्तेदारों को जैसे ही हादसे की जानकारी हुई तो वह लोग भी पहुंच गए।