उरई। 9 सितंबर को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के लिए जिला जज लल्लू सिंह की अध्यक्षता में न्यायिक अधिकारियों के साथ बैठक हुई। जिला जज ने निर्देशित किया कि जो मामले नेशनल ज्यूडिशियल डाटा ग्रिड (एनजेडीजी) पर दर्ज है, मात्र वहीं मामले इस बार लोक अदालत में निस्तारित किए जाएंगे।
ऐसी स्थिति में सभी न्यायिक अधिकारी उनके न्यायालयों में विचाराधीन मामलों में से ऐसे मामलों को तत्काल चिन्हित करके सम्बन्धित पक्षकारों को अविलंब सूचित करें, ताकि न्यायालय से प्रेषित नोटिस/सम्मन की तामीला समय पर हो सके और अधिक से अधिक वादकारीगण राष्ट्रीय लोकअदालत में सहभागिता कर सके। सम्मन व नोटिस तामील करने में विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत के आयोजन में दो हफ्ते का समय शेष है। इसलिए सभी न्यायिक अधिकारी अधिकाधिक मामलों के निस्तारण पर ध्यान केन्द्रित करें।
उन्होंने छह से आठ सितंबर तक प्रत्येक दिन आयोजित विशेष लोक अदालत में लघु शमनीय आपराधिक मामले को अधिक से अधिक संख्या में निस्तारित करने के निर्देश दिए। बैठक में एडीजे अरूण कुमार मल्ल, विशेष न्यायाधीश अंचल लवानिया, शिवकुमार, प्रमोद गुप्ता, मोहम्मद आजाद, डॉ. अवनीश कुमार, मुहम्मद कमर, अंजू राजपूत, सीजेएम महेंद्र कुमार रावत, रेनू यादव, गजेंद्र सिंह, अर्पित सिंह, वंदना अग्रवाल, शशांक गुप्ता, अनुकृति संत आदि मौजूद रहे।
