जालौन। कोंच से सामान लेकर घर लौट रहे व्यापारी की बाइक में कार ने टक्कर मार दी। जिससे व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गया। रात में जब वह घर नहीं लौटे तो साथी उसे खोजने निकले जहां वह सड़क पर पड़े थे। जिस पर उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने व्यापारी को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नारोभास्कर निवासी राशिद उर्फ बबलू सलमानी (32) फर्नीचर की दुकान चलाते थे। सोमवार को साप्ताहिक बंदी के चलते वह कोंच सामान लेने के लिए गए थे। रात करीब साढ़े 10 बजे वह बाइक से वापस घर लौट रहे थे। तभी कोंच रोड पर तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं चालक कार लेकर मौके से भाग गया।
देर रात तक जब वह वापस घर नहीं लौटे तो उनके साथी सरफाज व जुबैर उन्हें ढूंढने निकले। जब उन्होंने राशिद को सड़क पर पड़े देखा तो इसकी जानकारी पुलिस को दी और एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी लेकर पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर घर पहुंचते ही घर में मातम पसर गया। पत्नी उजमा व 12 वर्षीय बेटी शदफ का रो रोकर बुरा हाल है।
कोतवाल विमलेश कुमार का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। टक्कर मारने वाली कार का पता लगाया जा रहा है। युवक हेलमेट नहीं हेलमेट नहीं लगाए था। जानकारी पर मंगलवार को पूरा फर्नीचर मार्केट बंद रहा।
