A bridge will be built to replace the causeway over the open drain.

फोटो- 06 भूमि पूजन करते कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी व मौजूद अन्य। संवाद
– फोटो : Archive

सिरसा कलार। दमरास-बबई मार्ग पर धामनी गांव के पास गंदा नाले पर बने रपटा की जगह अब पुल का निर्माण कराया जाएगा। सोमवार को कालपी विधायक विनोद चतुर्वेदी ने निर्माण कार्य शुरू होने से पहले भूमि पूजन किया। पुल का निर्माण पांच करोड़ सात लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा। इसके बनने से क्षेत्र के करीब 50 गांवों के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।


धामनी के पास गंदा नाले पर बना रपटा काफी गहरा होने के कारण लोगों के आवागमन में परेशानी होती थी। बारिश के दिनों में स्थिति और भी कठिन हो जाती थी। भूमि पूजन के दौरान विधायक विनोद चतुर्वेदी ने कहा कि पुल बनने से दमरास-बबई मार्ग से उरई, जालौन समेत अन्य स्थानों तक आवागमन आसान हो जाएगा। अभी रपटा होने के कारण बड़े वाहनों को निकलने में परेशानी होती थी, लेकिन पुल बनने के बाद यह समस्या दूर होगी। इस मार्ग से इंटर कॉलेज और डिग्री कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं को भी सहूलियत मिलेगी। इससे क्षेत्र में शिक्षा और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।

इस दौरान प्रधानाचार्य अंगद सिंह तोमर ने विधायक से कालपी-मदारीपुर मुख्य मार्ग पर अधूरी पड़ी सड़क का निर्माण कराने की मांग उठाई। भूमि पूजन के मौके पर पीडब्ल्यूडी खंड-तीन के सहायक अभियंता जितेंद्र कुमार, अवर अभियंता अरुण कुमार, प्रधान चंद्रपाल गुर्जर, प्रेम नारायण पाठक सहित क्षेत्र के कई लोग मौजूद रहे।



Source link