उरई। जालौन के पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह का करीब छह माह के कार्यकाल के बाद गाजीपुर स्थानांतरण हो गया है। उन्होंने एक अप्रैल 2026 को जिले की कमान संभाली थी। कार्यकाल के दौरान अपराध नियंत्रण, गंभीर घटनाओं के खुलासे और लंबित विवेचनाओं के निस्तारण पर जोर रहा। थानों के निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों को कानून व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए।

उनके कार्यकाल में गोहन थाना क्षेत्र के पृथ्वीपुरा में किसान गिरजा शंकर तिवारी हत्याकांड का 58 दिन बाद खुलासा हुआ। एट क्षेत्र में हुई लूट का चार दिन में खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। हरियाणा के कारोबारी विजेंद्र मोर अपहरण-हत्याकांड में भी पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए अधजली हड्डियां बरामद कीं।

एसपी ने थानों की व्यवस्थाओं, महिला व साइबर हेल्प डेस्क और लंबित विवेचनाओं की समीक्षा के साथ पुलिसकर्मियों की तैनाती में भी फेरबदल कराया। झांसी में 24.90 लाख रुपये की लूट के मामले में जालौन पुलिस के तीन सिपाहियों के नाम सामने आने पर उन्हें निलंबित किया गया।

अब शासन ने विनय कुमार सिंह को गाजीपुर का एसपी बनाया है। उनके स्थान पर सुरेश चंद्र रावत जालौन के नए पुलिस अधीक्षक होंगे।

स्थानांतरण पर विनय कुमार सिंह ने कहा कि तबादला नौकरी की प्रक्रिया का हिस्सा है। जहां भी रहें, ईमानदारी से कर्तव्य का पालन और जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता होनी चाहिए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *