कोंच। कोंच ब्लॉक प्रधान संघ के उपाध्यक्ष ग्राम प्रधान चंदुर्रा को रविवार की सुबह गांव के ही करीब दर्जन भर लोगों ने घर में घुसकर मारापीटा। जेब में पड़ी नकदी तथा मोबाइल छीन कर ले गए। प्रधान का आरोप है कि चुनावी रंजिश को लेकर उन पर हमला किया गया।
ग्राम चंदुर्रा प्रधान रवींद्र कुमार अहिरवार ने कोतवाली पुलिस को प्रार्थनापत्र देकर बताया कि रविवार की सुबह करीब 8:30 बजे वह अपने घर में था तभी गांव के ही करीब दर्जन भर लोग उसके घर में घुस आए और चुनावी रंजिश को लेकर जातिसूचक गालियां देकर मारपीट की व उसकी जेब में रखे 20 हजार रुपये नकदी तथा उसका मोबाइल भी छीन लिया।
प्रधान ने आरोप लगाया कि उक्त लोगों ने घर की महिलाओं से भी मारपीट कर अभद्रता की। चीख पुकार सुनकर आस पड़ोस के लोगों को आता देख हमलावर जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गए।
प्रभारी निरीक्षक नागेंद्र कुमार पाठक का इस बाबत कहना है कि प्रथम दृष्टया दोनों पक्षों में रुपयों के लेनदेन को लेकर मारपीट होने की घटना हुई है। नकदी छीने जाने का आरोप गलत है, फिर भी मामले की जांच के लिए चौकी प्रभारी को निर्देशित किया गया है। जांच के बाद उसी के अनुरूप कार्रवाई की जाएगी।
